अपडेटेड 18 February 2026 at 12:27 IST

मायावती का बड़ा फैसला, नहीं होगा कोई गठबंधन, अकेले यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी BSP, कार्यकर्ताओं से बोलीं- हाथी की मस्त चाल चलते रहें

Mayawati: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने यूपी चुनाव 2027 के लिए किसी भी पार्टी से गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि पार्टी अकेले अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी।

Follow :  
×

Share


बसपा प्रमुख मायावती | Image: ANI

Mayawati on UP Election 2027: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने बुधवार (18 फरवरी) को यूपी चुनाव 2027 को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बसपा यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी। मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की खबरों को नकार दिया और कहा कि इससे सिर्फ नुकसान होता है।

दरअसल, हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बयान में कहा था कि बसपा के साथ रिश्ते मजबूत हो रहे हैं  और भविष्य में और भी गहरे होंगे। उनके इस बयान के बाद सपा और बसपा के गठबंधन की अटकलें जोर पकड़ने लगीं।

2007 की तरह पूर्ण बहुमत से बनाएं सरकार- मायावती

हालांकि अब मायावती ने यूपी चुनाव के लिए किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया है। उन्होंने अकेले अपने दम पर विधानसबा चुनाव लड़ने की बात कही। उन्होंने कहा, "ऐसी कोई भी चर्चा जो चल रही है कि गठबंधन हो रहा है, वह बिल्कुल भ्रामक है।" उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि गठबंधन से जुड़ी 'उल्टी खबरों' पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है और हाथी की मस्त चाल चलते रहें। साल 2007 की तरह अकेले चुनाव लड़कर फिर से बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है।

टाइप-8 बंगला आवंटित होने पर भी दी सफाई

इसके साथ ही मायावती ने दिल्ली में आवंटित हुए टाइप-8 बंगले को लेकर भी सफाई देते हुए कहा कि यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पहले कई और बंगले भी अलाट कर दिए थे, जो सुरक्षा कारणों से नहीं लिया। अगर लिया भी था, तो उसे कुछ समय के बाद ही छोड़ दिया था। अंत में अब मुझे टाइप-8 का सही बंगला अलाट किया गया है, जिसे मैंने स्वीकार भी कर लिया है। इसको लेकर भी अब किस्म किस्म की गलत बातें प्रचारित की जा रही है।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा तो विरोधियों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि के हथकंडे और बीएसपी. को सत्ता से दूर रखने के षड्यंत्र बढ़ते ही जायेंगे, जैसा कि हमेशा से होता रहा है। इसलिए केवल यूपी ही नहीं बल्कि पूरे देश भर में सभी अम्बेडकरवादियों को विरोधियों के दांत खट्टे कर देने वाली केवल एकमात्र अपनी पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए मिशनरी भावना के साथ इन्हें पूरे तन, मन, धन से लगे रहना बहुत जरूरी है।

यह भी पढ़ें: बंगाल-बिहार समेत 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 16 मार्च को वोटिंग, कब आएंगे नतीजे?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 18 February 2026 at 12:27 IST