'मुसलमान सपा की भगवा यात्रा में शरीक न हो, रायबरेली से यात्रा शुरू कर अखिलेश यादव ने दोस्ती की आड़ में कांग्रेस को...', मौलाना बरेलवी का हमला
मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुसलमानों से सपा की भगवा धार्मिक यात्रा में शरीक न होने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सपा के पीडीए से मुसलमान गायब है।
- भारत
- 3 min read
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पीडीए रथ यात्रा का आगाज आज से कांग्रेस के मजबूत गढ़ और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से किया है। इस बीच, ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने मुसलमानों से सपा की इस भगवा धार्मिक यात्रा में शरीक न होने की अपील की है।
दरअसल, अखिलेश यादव मिशन 2027 के लिए विशेष रूप से तैयार लाल रंग के हाईटेक 'पीडीए रथ' पर सवार होकर रायबरेली पहुंचे। इसे लेकर बरेली के मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि मुसलमान सपा की इस यात्रा में शामिल न हों। भगवा कलर के रथ से स्पष्ट होता है कि अखिलेश यादव भाजपा के कलर को चुराना चाहते हैं।
शहाबुद्दीन रजवी ने सपा पर लगाया आरोप
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि अखिलेश यादव कांग्रेस को कमजोर करने के लिए अमेठी और रायबरेली से यात्रा शुरू कर रहे हैं। यह कांग्रेस के लिए सोचने वाली बात है। कांग्रेस को इस पर मंथन करना चाहिए। अखिलेश की दोस्ती की आड़ में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की प्लानिंग है।
उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को अपनी यात्रा की शुरुआत करनी ही थी, तो सैफई या मैनपुरी से करते, जो 'यादव लैंड' भी कहलाता है। अमेठी-रायबरेली से यात्रा शुरू करना समझ में नहीं आता।
मुसलमान PDA प्रोग्रामों से बनाएं दूरी- मौलाना
मौलाना ने कहा कि उन्होंने (सपा) जो भगवा रंग रखा है, उसे भारतीय जनता पार्टी से चुराने की कोशिश की है। मौलाना ने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि पी डी ए के प्रोग्रामों से मुसलमान दूरी बनाएं, इसलिए की पी डी ए से मुसलमान गायब है। अगर पीडीए में मुसलमान होता, तो इसका नाम पीडीएम होता। इसलिए मुसलमान सपा की इस चालाकी को समझें और पीडीए के किसी भी प्रोग्राम में न शिरकत करें, न भाग लें और भगवा धार्मिक यात्रा में भी शिरकत न करें। उनके प्रोग्राम में शिरकत न करके अखिलेश की इस यात्रा को फ्लॉप कर दें।
रायबरेली में अखिलेश यादव का बुलडोजर से स्वागत
अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के PDA रथ यात्रा अभियान की शुरुआत करने रायबरेली पहुंचे। यहां उनका स्वागत बुलडोजर से हुआ। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है।
सपा के मुताबिक, अखिलेश यादव जिन जिलों का दौरान करने वाले हैं वहां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के ऐसे पीड़ितों से मिलेंगे, जिन्हें पुलिस या प्रशासन की किसी कार्रवाई से नाराजगी है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीडीए वोट बैंक को और मजबूत करने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 September 2026 at 14:33 IST