अपडेटेड 24 June 2025 at 21:31 IST
हमला करने आए तेंदुए से भिड़ गया युवक, गांववाले मारते रहे ईंट, ऐसे जान बचाकर भागा, VIDEO देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
Leopard Viral Video: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हमला करने आए एक तेंदुए से युवक भिड़ गया। ये घटना धौरहरा वन रेंज के जुगनूपुर में स्थित एक ईंट के भट्ठे की है।
Leopard Viral Video: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक युवक तेंदुए से भिड़ गया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां एक ईंट के भट्ठे में तेंदुआ घुस आया जिसे देखने के बाद वहां मौजूद लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, एक युवक होता है जो बिना हार माने जानवर से भिड़ गया।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ साफ दिख रहा है कि कैसे ईंटों के ऊपर एक युवक ने तेंदुए को दबोचा हुआ है। युवक अपनी जान छुड़ाने की कोशिश कर रहा था। वहीं ऊपर से ये सारा तमाशा देख रहे लोग ईंट मारकर जानवर को भगाने की कोशिश कर रहे होते हैं।
एक तेंदुए से भिड़ गया युवक
सामने आई जानकारी की माने तो, ये ईंट भट्ठा धौरहरा वन रेंज के जुगनूपुर में स्थित है। सोमवार को एक तेंदुए ने अचानक वहां काम करने गए गिरधारी पुरवा निवासी मिहीलाल पर हमला कर दिया। हालांकि, युवक डरा नहीं और जानवर से भिड़ गया। इसी दौरान, वहां मौजूद लोग उसकी मदद करने की कोशिश करते नजर आए। युवक ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और तेंदुए के हमले से बच निकला।
इसी झड़प में वो युवक घायल भी हो जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा तो ऐसा भी जा रहा है कि तेंदुआ भी घायल हो गया था। खबरों की माने तो, जब सूचना मिलने पर रेंजर और वन दारोगा मौके पर पहुंचे तो तेंदुए ने उनपर भी हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को पकड़ लिया। सामने आई जानकारी की माने तो, गांववालों द्वारा ईंट मारने के बाद तेंदुआ युवक को छोड़कर केले के खेत में घुस गया था। कड़ी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ लिया और अपने साथ ले गए।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 24 June 2025 at 21:31 IST