'एक बार हमबिस्तर हो जाओ, उपाध्यक्ष बना दूंगा', महिला नेता का BJP जिलाध्यक्ष पर सनसनीखेज आरोप, बचाव में क्या बोले मोहनलाल कुशवाहा?
महोबा बीजेपी नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद से ही असंतोष था। लेकिन अब पार्टी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने इसे सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने आरोप बीजेपी जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए है।
UP News: उत्तर प्रदेश में बीजेपी के भीतर से एक बेहद विवादित मामला सामने आया है। महोबा में पार्टी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने बीजेपी जिलाध्यक्ष पर 'सेक्स के बदले पद' का प्रस्ताव देने के सनसनीखेज आरोप लगाए है। वहीं जिला अध्यक्ष ने इन आरोपों के सिरे से खारिज कर दिया और इसे उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश बताया। अब मामला थाने तक जा पहुंचा है।
महिला नेत्री ने 27 अप्रैल को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपना प्रार्थना पत्र सौंपा और फेसबुक पर लाइव आकर इन आरोपों को बीजेपी पदाधिकारी मोहनलाल कुशवाहा पर लगाया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है।
मुझसे हमबिस्तर होने की डिमांड की- दीपाली तिवारी
दीपाली तिवारी ने कहा कि मैं लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रही हूं। ऐसे में मैंने जिलाध्यक्ष से खुद को जिला उपाध्यक्ष बनाने की मांग की। इस पर जिलाध्यक्ष ने उनसे कहा कि अगर वह उनकी बात मान लें तो बदले में क्या मिलेगा। इस पर दीपाली ने आर्थिक तंगी का हवाला दिया, जिस पर जिलाध्यक्ष ने कथिततौर पर कहा कि इशारों को समझिए, आपके पास देने को बहुत कुछ है।
उन्होंने आगे दावा किया कि जिलाध्यक्ष ने उनसे कहा कि एक बार मेरे साथ हम बिस्तर हो जाओ, तुम्हें जिलाध्यक्ष का टिकट दिला दूंगा। आपको मेरे साथ लखनऊ और दिल्ली चलना होगा और किसी को शक भी नहीं होगा। इस बात से झल्लाई दीपाली ने तुरंत उनकी डिमांड पूरी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने उन्हें जिला पंचायत चुनाव में पार्टी से टिकट दिलाने का ऑफर दिया।
जिला उपाध्यक्ष पर भी लगाए आरोप
इतना ही नहीं, दीपाली ने पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पंकज तिवारी को भी लपेटे में लिया। उनका आरोप है कि पंकज तिवारी ने उनसे जिलाध्यक्ष की बात मानने की बात कही। इसके बदले शायद वह आपको जिला महामंत्री बनवा दें। इतना ही नहीं, उन्होंने एक अन्य महामंत्री जयपाल पर रात के समय फोन करके जिलाध्यक्ष के प्रस्ताव को स्वीकार करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उनके मुताबिक, उनके पति को फर्जी दुष्कर्म के आरोप में जेल भिजवाने तक की धमकी दी गई।
मोहनलाल कुशवाहा ने आरोपों को किया खारिज
वहीं बीजेपी जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने खुद पर लगे इन आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया पर जिस तरह से मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं वह पूरी तरह से निराधार हैं। इनकी मैं घोर निंदा करता हूं। मेरी साफ-सुथरी छवि को खराब करने के लिए यह आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी गलत पाया जाए उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 28 April 2026 at 07:39 IST