'घटना बेहद दुखद, कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के हो सकते हैं...', लखनऊ अग्निकांड पर अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया
Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इस मामले में अब अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा घटना की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए।
- भारत
- 3 min read
Lucknow Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में 22 जून, सोमवार को एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद इमारत से सभी शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच इस दर्दनाक घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया आई है, जिसमें उन्होंने घटना के कारणों की ईमानदारी से जांच होने की बात कही है।
अखिलेश ने ईमानदारी से जांच की मांग की
लखनऊ अग्निकांड पर समाजवादी पार्टी नेता और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा 'ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सकें, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।'
मृत लोगों के परिवार के प्रति संवेदना
अखिलेश यादव लखनऊ अग्निकांड पर आगे कहा 'लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करें।'
दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा-CM योगी
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सभी कार्यक्रम रद्द करके घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का पूरा जायजा लिया। सीएम योगी के साथ प्रदेश के कई अधिकारी और पुलिस टीम भी मौजूद थी। वहीं, सीएम योगी घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सीएम योगी घायलों से मिलने के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) का दौरा किया और आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इस बीच सीएम ने यह भी कहा कि घटना के दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 22 June 2026 at 19:45 IST