'अंगद के पांव की तरह UP में BJP, कोई उखाड़ नहीं सकता', लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने दिया विपक्ष को संदेश
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने हुंकार भरते हुए कहा कि अंगद के पांव की तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में खड़ी है। इस अंगद के पांव को कोई उखाड़ नहीं सकता।
- भारत
- 3 min read
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश राज्य कार्यसमिति की बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने शाह का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ किया। बैठक के लिए प्रदेशभर से कुल 2850 कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था। बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष को साफ संदेश दिया कि 'अंगद के पांव की तरह UP में BJP, कोई उखाड़ नहीं सकता'।
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, बीजेपी के मालिक हमारे कार्यकर्ताओं को मेरा प्रणाम, मेरा राम-राम। उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का समय आ गया है। उन्होंने 30 अक्टूबर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन यूपी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। 1990 में अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं।
UCC को लेकर शाह का बड़ा ऐलान
विपक्ष को खुली चुनौती देने के साथ ही शाह ने बड़ा ऐलान किया कि 2027 में तीसरी बार सरकार बनते ही यूपी में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। अमित शाह ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश को सपा, बसपा की सरकारों ने माफिया, अपराध का गढ़ बना दिया था, भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उसे विकास व सुशासन का पर्याय बना दिया है। प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने के लिए पांच प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने का लक्ष्य रखा गया है।
'अंगद के पांव को कोई उखाड़ नहीं सकता'
भाजपा कार्यसमिति की बैठक पर यूपी सरकार के मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा, "अमित शाह कह के गए हैं कि अंगद के पांव की तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में खड़ी है। इस अंगद के पांव को कोई उखाड़ नहीं सकता, हटा नहीं सकता है, चाहे कितनी भी बड़ी ताकत आ जाए।" वहीं, UCC लागू करने के ऐलान पर मंत्री ने कहा, BJP जो कहती है वो करके दिखाती है।
तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार - मंत्री दयाशंकर सिंह
भाजपा कार्यसमिति की बैठक पर यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, "चुनाव आने वाला है। अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा है। उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी है। कार्यकर्ता इसके लिए तैयार हैं। जिस तरह से केंद्र में मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार लगातार सरकार बनी है, उसी तरह से उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ तीसरी बार सरकार बनाएंगे।
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। सभी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 October 2026 at 22:28 IST