अपडेटेड 7 March 2026 at 08:39 IST
UP: शौच करने गई युवती को दो दरिंदों ने किया अगवा, नशा देकर पूरी रात गन्ने के खेत में करते रहे गैंगरेप; दर्द से कराहती रही पीड़िता
21 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवती देर शाम शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और अपहरण कर पास के गन्ने के खेत में ले गए।
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 21 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवती देर शाम शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और अपहरण कर पास के गन्ने के खेत में ले गए।
आरोप है कि दरिंदों ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ पूरी रात गैंगरेप किया। युवती रात भर खेत में बेहोशी और दर्द की हालत में पड़ी रही। सुबह होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
पीड़िता की हालत नाजुक, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पीड़िता को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने युवती की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार पीड़िता की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।पीड़िता के पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि गांव में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और इस तरह की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी अक्षय यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जयंत यादव सीओ तमकुहीराज का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 7 March 2026 at 08:39 IST