ड्रोन से निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर, सोशल मीडिया पर सख्त पहरा...पुलिस की ‘सुरक्षा कवच’ के बीच कानपुर में मनाया जा रहा बकरीद
बकरीद पर कानपुर और नोएडा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read
गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट
Bakrid Security: बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने के लिए कानपुर और नोएडा में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार से पहले शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। जॉइंट कमिश्नर विपिन टाडा समेत डीसीपी, एसीपी और बाकी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को भारी बल के साथ संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने बाजारों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का जायजा लिया।
नोएडा में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इसी बीच नोएडा में संयुक्त सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में 180 से ज्यादा मस्जिदों में नमाज होगी। हर जगह सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सिविल पुलिस और PAC बल तैनात है। कंट्रोल रूम के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी जारी है।
पुलिस ने की लोगों से अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने त्योहार के दौरान भाईचारा बनाए रखने और शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को पूरा भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे लगातार भ्रमण करते रहें, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाएं।
प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। कानपुर पुलिस की टीम सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखे हुए है ताकि कोई अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके। ऐसे किसी भी पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। कानपुर और नोएडा दोनों जगहों पर प्रशासन का साफ संदेश है कि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 28 May 2026 at 11:42 IST