मेरा कसूर क्या था, मैं बर्बाद हो गई... शौहर कर रहा था दूसरी शादी, निकाह के वक्त पहुंच गई पहली बेगम; फिर जो हुआ देखें VIDEO

चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे की पहली पत्नी अचानक शादी समारोह में पहुंच गई। फिर जो हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला वो वीडियो में देखिए।

 
Follow :

गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक मैरिज लॉन में आयोजित शादी समारोह में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शादी समारोह का आयोजन काफी ग्रैंड किया गया था। सारी रस्में भी शुरू हो गई थी, कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब शादी की रस्मों के बीच अचानक पहली पत्नी की धमाकेदार एंट्री हुई। दुल्हे पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए पत्नी ने जमकर बवाल काटा।

चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे की पहली पत्नी अचानक शादी समारोह में पहुंच गई और खुद को उसकी कानूनी पत्नी बताते हुए दूसरी शादी का विरोध करने लगी। महिला के हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए चौकी ले गई।

2022 में हुई थी पहली शादी

दरअसल, चमनगंज निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी एक इंटीरियर कारोबारी से हुई थी। वर्ष 2024 में उसकी विदाई हुई, लेकिन कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और दोनों के बीच अब तक तलाक नहीं हुआ है।

कोर्ट मे तलाक का मामला लंबित

महिला का आरोप है कि कानूनी विवाद लंबित होने के बावजूद उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी की तैयारी कर ली। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उसे दूल्हे के पड़ोसी ने फोन कर दूसरी शादी की सूचना दी। इसके बाद उसने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे श्यामनगर स्थित मैरिज लॉन पहुंच गई और शादी का विरोध शुरू कर दिया।

करीब एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

महिला के विरोध के चलते करीब एक घंटे तक शादी समारोह में हंगामा होता रहा और बारातियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला ने यह भी दावा किया कि विवाद के बावजूद आरोपी पति उससे नियमित रूप से व्हाट्सएप पर चैट करता है और महीने में कई बार उससे मिलने भी आता है, जिससे स्पष्ट है कि दोनों के बीच वैवाहिक संबंध पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं।

दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में लिया

सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी ले जाकर पूछताछ की। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त शिकायतों व तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:  सावन से पहले सिर्फ 5 मिनट में शीशे की तरह चमकेंगे पूजा के बर्तन
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 25 July 2026 at 19:14 IST