Kanpur Murder: कानपुर में व्यापारी की हत्या से मचा हड़कंप, घर के पास धर्मशाला की छत पर मिली खून से लथपथ लाश; मर्डर से पहले हुआ था धमाका
कानपुर के फीलखाना में व्यापारी विजय चौरसिया की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने एक आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, बतादें हत्या से पहले का एक CCTV सामने आया है, जिसमें अहम सुराग मिले हैं। जानें क्या है पूरा मामला, पढ़ें पूरी खबर।
गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। फीलखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार (9 मई) देर रात एक होजरी व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। व्यापारी का शव उनके घर से महज 20 मीटर की दूरी पर एक धर्मशाला की छत पर खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान विजय कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात एक स्थानीय रेस्टोरेंट संचालक का बेटा विजय को अपनी स्कूटी पर बैठाकर साथ ले गया था। घटना के कुछ देर बाद धर्मशाला की पहली मंजिल पर रहने वाली एक महिला ने किसी भारी चीज के गिरने या धमाके जैसी आवाज सुनी। जब महिला सीढ़ियों की तरफ गई, तो वहां विजय गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में विजय को उर्सला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) विपिन टाडा, एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।
CCTV फुटेज में मिला सुराग
पुलिस जांच में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाली गई। जॉइंट कमिश्नर विपिन टाडा ने बताया कि फुटेज में आरोपी युवक विजय कुमार को अपने साथ धर्मशाला की ओर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। शुरुआती जांच में आरोपी व्यापारी को छत पर ले गया था, जहां दोनों के बीच किसी बात पर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसके बाद विजय की मौत हुई।
एक आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज
मृतक के पिता ने रेस्टोरेंट संचालक के बेटे के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत विजय की हत्या की गई है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 9 May 2026 at 09:40 IST