Kanpur: पार्टी में 'तुम तो धोखेबाज हो' पर डांस कर रही थी बहू, घर पर करोड़पति ससुर की हत्या कर रहे थे सुपारी किलर्स, मास्टर माइंड शालू का VIDEO
पार्टी में डांस करते हुए शालू का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में शालू डार्क पर्पल गाउन पहने दिखाई दे रही है। वह पति के साथ डांस कर रही है।
- भारत
- 4 min read
कानपुर से गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट
Kanpur Businessman Vineet Minocha Murder: आंसुओं के पीछे अक्सर एक खौफनाक चेहरा छुपा होता है। Kanpur से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक करोड़पति ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घर में मातम था और बहू दहाड़ें मारकर रो रही थी। लेकिन जब पुलिस ने पर्दा उठाया, तो सामने आया सच हैरान कर देने वाला था। यह पूरी साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उसी रोती हुई बहू ने रची थी।
आगे की बात बताने से पहले घटनाक्रम पर एक नजर डाल लेते हैं। कानपुर में कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट निवासी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की शनिवार देर रात चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारों ने कारोबारी पर चाकू से 26 से ज्यादा वार किए। वारदात के वक्त वह फ्लैट में अकेले थे। रविवार सुबह चार बजे बेटा-बहू पार्टी से घर लौटे तब वारदात का पता चला।
पुलिस कमिश्नर फोर्स संग मौके पर पहुंचे और जांच की। अपार्टमेंट की गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए, इनमें कारोबारी का पूर्व कर्मचारी हरबंश मोहाल निवासी विशाल गौतम व उसका साथी राजकिशोर फ्लैट में घुसते और निकलते दिखाई दिए। पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में पुलिस की गोली लगी। पूछताछ में हत्यारोपियों ने कारोबारी की बहू शालू के कहने पर वारदात की बात कबूली है।
पार्टी में बहू का डांस, फोन पर चल रही थी मर्डर की प्लानिंग
करोड़पति कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त कारोबारी की हत्या उनके ही घर में नौकरों के जरिए की जा रही थी, उसी वक्त कथित मास्टरमाइंड बहू शालू पार्टी में अपने दोस्तों के साथ डांस कर रही थी। पुलिस जांच के अनुसार, शालू कथित तौर पर हत्या की प्लानिंग करने के बाद घर से निकली थी। आरोप है कि इसके बाद वह फोन के जरिए हत्यारों के संपर्क में रही और उन्हें हत्या के दौरान गाइड करती रही।
बताया जा रहा है कि जिस पार्टी में शालू अपने दोस्तों के साथ मौजूद थी, उसे उसके पति सुब्रत ने कानपुर के कॉस्मोजिन लाउंज में आयोजित किया था। पुलिस अब पार्टी की टाइमलाइन, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और आरोपियों के बीच हुई बातचीत को जांच का अहम हिस्सा मान रही है। यानी एक तरफ घर में करोड़पति कारोबारी की हत्या की जा रही थी और दूसरी तरफ उसी परिवार की बहू पार्टी में दोस्तों के साथ डांस कर रही थी। पुलिस को शक है कि पार्टी में मौजूदगी भी हत्या की साजिश में उसकी भूमिका छिपाने की रणनीति का हिस्सा हो सकती है।
पार्टी में डांस का VIDEO आया सामने
पार्टी में डांस करते हुए शालू का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में शालू डार्क पर्पल गाउन पहने दिखाई दे रही है। वह पति के साथ डांस कर रही है। बैकग्राउंड में ‘तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो’ गाना बज रहा है। शालू गाने की धुन पर पति के साथ डांस करती हुई दिखाई देती है।
वीडियो में पार्टी का माहौल पूरी तरह सामान्य नजर आ रहा है। आसपास लोग मौजूद हैं और डांस कर रहे हैं। शालू भी बेहद सहज अंदाज में पार्टी करती दिखाई दे रही है। उसके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट या तनाव नजर नहीं आता। खास बात यह है कि पुलिस जांच के मुताबिक, इसी रात कानपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में उसके ससुर विनीत मिनोचा की हत्या हुई थी। पुलिस ने शालू को इस मामले में आरोपी बनाया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
ससुर लगाता था 'अय्याशी' पर पाबंदी, बहू को नहीं था पसंद, फिर...
खबरें हैं कि शालू ने कम पैसे मिलने से नाराज होकर साजिश रची थी। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया है कि शालू रोका टोकी से परेशान थी और घर में प्राइवेसी खत्म किए जाने के आरोप लगा रही है। पूछताछ के दौरान बहू ने बताया कि करोड़पति परिवार की बहू होने के बावजूद उस पर और उसके पति पर घूमने-फिरने व पार्टी करने को लेकर काफी बंदिशें थीं। ससुर का कारोबार पर पूरा नियंत्रण था और वे बेटे-बहू को अन्य कर्मचारियों की तरह महीने में 'सैलरी' देते थे।
21 दिन में 330 बार कॉल...
विनीत मनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस को पिछले 21 दिनों की कॉल डिटेल से एक अहम कड़ी मिली है। हत्या से पहले विनीत की बहू शालू और उनके पति सुब्रत की नौकर विशाल गौतम से लगातार फोन पर बातचीत की थी। कॉल डिटेल के मुताबिक, शालू की करीब 30 बार और सुब्रत की करीब 300 बार विशाल से फोन पर बात हुई।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 9 September 2026 at 17:43 IST