अपडेटेड 17 February 2026 at 20:08 IST
'मैंने सुहागरात के लिए बोला तो वो टाल गया...', कानपुर में पत्नी ने पति पर नपुंसकता का आरोप लगा दर्ज कराई शिकायत
Kanpur News : कानपुर में नवविवाहित पत्नी ने पति पर नपुंसकता छिपाकर शादी करने का आरोप लगाया। आरोप है कि शादी में 38 लाख खर्च हुए, लेकिन सुहागरात से ही पति ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया।
UP News : कानपुर में एक नवविवाहित जोड़े का मामला सुर्खियों में है, जहां पत्नी ने पति पर नपुंसकता छिपाकर शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना कानपुर के किशोर नगर इलाके से जुड़ी है और पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
25 अप्रैल 2025 को कानपुर की एक युवती की शादी हमीरपुर जिले के एक युवक से धूमधाम से हुई थी। लड़की के पिता ने होटल, जेवरात, कैटरिंग और अन्य खर्चों में कुल 38 लाख रुपये खर्च किए थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की नई जिंदगी खुशहाल रहेगी, लेकिन शादी के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई।
सुहागरात से शुरू हुआ संकट
पीड़िता के अनुसार, मायके से विदा होने के बाद ससुराल पहुंचने पर पति ने उससे दूरी बनाने शुरू करदी थी। लड़की ने कई बार सुहागरात मनाने की इच्छा जताई, लेकिन पति हर बार टालता रहा। चार दिनों तक साथ रहने के बाद भी कोई शारीरिक संबंध नहीं बना। बाद में पति उसे नोएडा में चाचा के फ्लैट में ले गया, जहां करीब एक महीने तक रहने के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
युवती का दावा है कि इसी दौरान उसे पता चला कि उसका पति नपुंसक है और शारीरिक संबंध बनाने में असमर्थ है। उसने कहा, "मैंने कई बार कहा, लेकिन वो टालता रहा। मेरे साथ धोखा हुआ है।"
ससुराल पक्ष पर धमकी का आरोप
जब युवती ने इस बारे में ससुर और अन्य सदस्यों से बात की, तो पहले उन्हें इलाज कराने का भरोसा दिया गया। कहा गया कि वह पत्नी की तरह साथ रहे, इलाज का पूरा खर्च ससुराल वाले उठाएंगे। लेकिन जब उसने मना किया, तो आरोप है कि धमकियां दी जाने लगीं।
पीड़िता का यह भी कहना है कि इलाज के नाम पर उससे 5 लाख रुपये और मांगें गए। मना करने पर बदनामी और परिवार की इज्जत खराब करने की धमकी दी गई। उसका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पति की सच्चाई जानबूझकर छिपाई, शादी में लगा पैसा व्यर्थ किया और उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी।
पुलिस में शिकायत और जांच
परेशान होकर युवती अपने मायके लौट आई और कानपुर के रावतपुर थाने में पति, ससुर और ताऊ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार जांच चल रही है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 17 February 2026 at 20:08 IST