'जाति का चश्मा पहनकर यूपी की व्यवस्था उल्टा-पुल्टा...', जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना; PDA फॉर्मूले पर भी उठाए सवाल
जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के पीडीए वाले फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कोई पीडीए नहीं है, बल्कि पीड़ा है। यह उनकी बौखलाहट है, जिसका फैसला जनता करेगी।
- भारत
- 3 min read
Jayant Chaudhary: यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार किया और उनके पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाए।
लखनऊ में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सपा प्रमुख पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा, 'जैसा वो कहते हैं कि मैंने किसी का नाम नहीं लिया, ऐसे ही मैंने भी किसी का नाम नहीं लिया। प्रतीक हमेशा राजनीति में पावरफुल होते हैं। उनका हक है कि उन्होंने अपनी राजनीति को नाम दिया, लेकिन वह नाम भी स्थिर नहीं है और उनकी राजनीति भी स्थिर नहीं है।
हर घटना जाति के चश्मे से देखते हैं- जयंत चौधरी
उन्होंने आगे कहा कि हमारे विरोधी हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं और सोशल मीडिया पर केवल 'ट्विटर-ट्विटर' का खेल चल रहा है। आज उत्तर प्रदेश में तहजीब की चाल है। लेकिन कुछ लोग, जो पहले उत्तर प्रदेश को 'उल्टा-पुल्टा प्रदेश' कहकर इसका मजाक उड़ाते थे, इसे दोबारा उसी पुरानी और खराब व्यवस्था में झोंकना चाहते हैं। लखनऊ में बैठे ये लोग हर घटना को तुरंत जाति के चश्मे से देखते हैं और समाज को बांटने का मौका ढूंढते हैं। इसके बाद वे कहते हैं कि ये कैसा राज है, कैसा कुशासन है। अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए ये लोग पूरे प्रदेश को आग में झोंकने को तैयार हैं। आप सभी को एकजुट होकर ऐसी ताकतों का डटकर मुकाबला करना है।
'चौधरी चरण सिंह का समाज आपको जवाब देगा'
जयंत चौधरी ने निशाना साधते हुए कहा, 'कुछ चीजें यहां पर बर्दाश्त से बाहर होती हैं। यहां लखनऊ में जो बड़ी पार्टी के अध्यक्ष हैं, मैं उन्हें याद दिलाता हूं कि आपने जिस समाज को कहा कि हमने सिखाया है, वह चौधरी चरण सिंह का समाज है। आपने उस समाज का निर्माण नहीं किया है। यह तो समाज तय करती है कि किसे आगे बढ़ाना है। आपसे समाज नहीं, आप समाज से हैं। जो आप इन बातों को भूल गए हैं, तो इस चुनाव में भी आपको पटखनी देखकर चौधरी चरण सिंह का समाज खड़ा होकर बताएगा। चौधरी चरण सिंह का समाज आपको जवाब देगा। अकेले जयंत चौधरी को जवाब देने की जरूरत नहीं है।'
यह पीडीए नहीं, पीड़ा है- जयंत चौधरी
उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'यह कोई PDA नहीं, 'पीड़ा' है! यह उनकी बौखलाहट है, जिसे जनता तय करेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि आप इस चुनाव को जातीय संघर्ष का रूप नहीं लेने देंगे, बल्कि इसे विकास का अखाड़ा बनाएंगे।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 30 August 2026 at 19:36 IST