अपडेटेड 15 March 2025 at 21:39 IST
Bareilly: पुलिसकर्मियों की घेराबंदी देख घर से बाहर नहीं निकले IG, फिर SSP ने लगाए नारे- तानाशाही नहीं चलेगी...
13 और 14 मार्च को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे। इसके बाद शनिवार को जब उन्होंने होली खेली, तो सब उनका जोश देखते रह गए।
Bareilly Police Holi : बरेली में शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से राम बरात, होली और जुमे की नमाज संपन्न होने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन में जमकर अबीर और गुलाल उड़ा। शुक्रवार को पुलिसकर्मी आम आदमी की सुरक्षा के चलते रंगों का त्योहार नहीं मना पाए थे, लेकिन शनिवार को पुलिसकर्मियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। SSP अनुराग आर्य समेत तमाम अफसरों ने जमकर होली खेली।
होली पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 और 14 मार्च को पुलिसकर्मी सुरक्षा में मुस्तैद थे। इसके बाद शनिवार को SSP अनुराग आर्य ने सिर पर हैट लगाकर खूब डांस किया और महफिल लूट ले गए। SSP ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर हरियाणवी गाने 'तेरी आंख्या का यो काजल...' पर जोरदार डांस किया। SSP की इस टोली में SP सिटी मानुष पारीक भी शामिल थे। बरेली पुलिस की होली में उस वक्त चार चांद लग गए, जब SSP अनुराग आर्य ने अपनी पूरी टोली को लेकर सीधे IG के बंगले पर पहुंचकर घेराबंदी करदी।
'तानाशाही नहीं चलेगी...'
दरअसल, SSP अनुराग आर्य IG के बंगले पर अपनी पूरी टीम के साथ होली खेलने पहुंचे थे। रंगों से रंगे पुलिसकर्मियों को देख IG अपने बंगले से बाहर ही नहीं निकले। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने माइक लेकर मजाकिया अंदाज में नारेबाजी करना शुरू करदी। कप्तान साहब ने नारे लगाया, 'तानाशाही नहीं चलेगी... नहीं चलेगी और हमसे बचना पाएंगे, हम तो रंग लगाएंगे।' इसके बाद IG के बंगले पर खूब मौज-मस्ती हुई। IG ने भी अपने मातहतों के साथ खूब होली खेली।
बरेली पुलिस के लिए इस बार की होली खास रही। पहले पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन में जमकर धमाल मचाया और इसके बाद DM और IG के आवास पर पहुंचकर जमकर हंसी ठिठोली हुई। SSP अनुराग आर्य ने IG आवास पर गाना गाया, ‘बहारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है...।’ पहले अफसर रंगों से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बाद में सबने मिलकर जमकर होली खेली।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 15 March 2025 at 21:25 IST