अपडेटेड 25 February 2025 at 23:29 IST
महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में आखिरी शाही स्नान की भव्य तैयारी, देश-दुनिया की टिकी निगाहें; अबतक 64 करोड़ लोगों ने लगाई डुबकी
Mahashivratri: महाशिवरात्रि को महाकुंभ में आखिरी शाही स्नान है, करोड़ों की संख्या में आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालु संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाएंगे।
Mahashivratri: महाशिवरात्रि को महाकुंभ में आखिरी शाही स्नान है, करोड़ों की संख्या में आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालु संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाएंगे। अब तक 64 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। क्या नेता, क्या अभिनेता, क्या आम श्रद्धालु, देसी-विदेशी हर किसी को मां गंगा ने अपने पवित्र आंचल में जगह दी और जीवन के धन्य किया।
महाशिवरात्रि के स्नान को लेकर प्रशासन ने भव्य तैयारी की है। किसी भी तरह की कोई परेशानी श्रद्धालुओं को न हो इसका खास खयाल रखा जा रहा है। दो दिन के लिए शहर में वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है, जिससे लोगों को पैदल आने में दिक्कत न हो, आवाजाही सुगमता से बनी रहे।
मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया
महाशिवरात्रि 2025 की तैयारियों पर महाकुंभ DIG वैभव कृष्ण ने कहा कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है और महाकुंभ का आखिरी स्नान भी है। हमने सभी शिवालयों पर पुलिस की तैनाती की है। स्नान घाटों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। पूरे कुंभ क्षेत्र में जोनल व्यवस्था से ट्रैफिक संचालन होगा। जो लोग आ रहे हैं वो पुलिस के डायवर्जन का पालन करें, पुलिस उनकी सुविधा के लिए उनको डायवर्ट कर रही है।
64 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लगाई संगम में डुबकी
CM योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में 45 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी लेकिन 14 फरवरी तक ही यह संख्या 50 करोड़ से अधिक हो गई और मंगलवार 25 फरवरी तक ये आंकड़ा 64 करोड़ पार पहुंच गया। उम्मीद जताई जा रही है कि महाशिवरात्रि के स्नान के साथ ये आंकड़ा 65 करोड़ पार कर जाएगा और यह दुनिया भर में हुए किसी भी आयोजन में शामिल होने वालों का विश्व कीर्तिमान है।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 25 February 2025 at 23:29 IST