नूडल्स खाने से फूड पॉइजिंग या जहर? ग्रेटर नोएडा में 5 लोगों की मौत मामले में आया नया मोड़, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आया है। यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जान गंवाने वाली महिला के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

 
Follow :
ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच लोगों की मौत | Image: Republic

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी मच गई है। शनिवार (17 अक्टूबर) सुबह रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में पति-पत्नी और तीन बच्चों घर में मृत पाए गए। पहले इन पांच मौतों के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही थी। बताया गया कि परिवार के सभी लोगों ने रात में मेले से लौटने के बाद नूडल्स खाए थे, फिर सुबह कोई नहीं उठ सकता। हालांकि अब इस मामले में नया मोड़ आया है। दरअसल, परिवार ने अब हत्या की आशंका जताई है।

मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जान गंवाने वाली महिला ललिता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी सास ने अपनी बेटी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।

जमीनी विवाद से जुड़ा है मामला?

महिला के परिजनों का दावा है कि करीब 10 बीघा जमीन और मकान के मालिकाना हक को लेकर ललिता का अपनी सास और ननद के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी संपत्ति विवाद को लेकर हत्या और जहर देने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

पड़ोसियों ने क्या बताया?

इस घटनाक्रम पर पड़ोसियों की भी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने बताया कि बच्चे सो रहे थे। मृतक (व्यक्ति) की मां झगड़ा कर रही थी और कह रही थी कि वह उन्हें यहां नहीं रहने देगी और सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर देगी। उसने पहले ही सारी संपत्ति अपनी बेटी के नाम कर दी है। उसने उनसे घर छोड़ने के लिए कहा।  

पड़ोसियों के मुताबिक जब मृतक अपने परिवार के साथ मेले से वापस आया, तो उसकी मां ने मैगी बनाई और सबको परोसी। उनके यहां रोज झगड़े होते थे। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

October 17, 2026

खाद्य सुरक्षा अधिकारी की आई प्रतिक्रिया

इस घटना की सूचना मिलने और नूडल्स खाने के बाद मौत को लेकर किए जा रहे दावे के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंची जांच पड़ताल की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इन लोगों ने जो चीजें खाई, उन सभी के पैकेट को देखा। कोई भी एक्सपायरी डेट का नहीं पाया गया। हमें कुछ भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। अगर फूड पॉइजनिंग का मामला होता तो उल्टी, दस्त जैसा कोई लक्षण होता मगर ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। वहां पर शव सामान्य अवस्था में मिले। हमें ऐसा लगता है कि यह जहर का मामला है।

घटना की जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि थाना रबूपुरा  क्षेत्र के नगला गांव में पांच लोगों की मौत हुई है, जिसमें पति-पत्नी है और उनके तीन नाबालिक बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रात के समय यह बाहर गए थे और इन्होंने कुछ खाया पिया है। उसके बाद जो उनकी मां अस्वस्थ है उसको भी चाय पिलाई है। बगल में ही उनकी मां सोई थी । पड़ोस का एक बच्चा जब उनको जगाने आया कि आज एग्जाम है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसने देखा की डेड बॉडी पड़ी हुई है।

बता दें कि मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन साल के बेटे साक्षात के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच के बाद ही पांचों लोगों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें: रात को चाय-नूडल्स खाकर सोया था परिवार, सुबह बिस्तर पर मिली पति-पत्नी समेत 3 बच्चों की लाश; ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों से इलाके में कोहराम
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 17 October 2026 at 14:47 IST