यूपी में 80 की जगह 120 सांसद और 403 के बजाय करीब 605 विधायक होंगे...महिला आरक्षण पर केशव ने कांग्रेस-सपा को घेरा, बिल को बताया देश हित वाला

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था, उस पर बाधा डालने का काम कांग्रेस और वर्तमान के उनके बचे-कुचे सहयोगी दलों ने किया है।

 
Follow :
Keshav Prasad Maurya on Caste Census | Image: X-@kpmaurya1

Keshav Prasad Maurya: परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) और महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे देश की आधी आबादी के सशक्तीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर बताया है। 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार प्रकट करते हैं, उनका अभिनंदन और धन्यवाद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से बहुप्रतीक्षित, देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए था, उस पर बाधा डालने का काम कांग्रेस और वर्तमान के उनके बचे-कुचे सहयोगी दलों ने किया है, जिसमें समाजवादी पार्टी भी शामिल है। 

'यूपी में 80 की जगह 120 सांसद और…' 

उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पास होने के बाद जब महिलाओं को आरक्षण का लाभ देने का समय आया और इसे लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, तो उस समय जिन दलों ने इसका विरोध किया, देश की मातृशक्ति निश्चित तौर पर उन्हें ध्यान में रखेगी।

November 28, 2026

मौर्य ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 2011 की जनगणना के आधार पर देश के सभी राज्यों में लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश में 80 की जगह अब 120 सांसद होंगे और 403 विधायकों की जगह लगभग 605 विधायक हो जाएंगे। इसी अनुपात में हर राज्य में यह संख्या बढ़ने वाली है, जिसमें 33 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की होगी। 

केशव मौर्य की विपक्षी नेताओं से अपील

विपक्षी नेताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव और डिंपल यादव से कहना चाहते हैं कि वे इस बिल का विरोध न करें, क्योंकि यह बिल देश हित में है, लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है और संविधान की मूल भावनाओं के अनुरूप है।

‘कई दलों का सहयोग मिलने की पूरी संभावना’

अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई दलों का सहयोग मिलने की पूरी संभावना है, जिसके आधार पर महिला आरक्षण और परिसीमन का यह बिल पास हो जाएगा और देश व उत्तर प्रदेश इस ऐतिहासिक घड़ी का जश्न मनाएंगे।

यह भी पढ़ें: 'आपके लिए कुरान बड़ा या संविधान?', ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा सवाल, कहा- सत्ताइस तो दूर, अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी सपा की सरकार
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 28 November 2026 at 11:45 IST