अपडेटेड 17 March 2025 at 11:31 IST
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व CM हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, कहा-संघर्षों से प्रशस्त किया था अपना मार्ग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने बेहद संघर्षों से अपना मार्ग प्रशस्त किया था। मुख्यमंत्री यहां योजना भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने बेहद संघर्षों से अपना मार्ग प्रशस्त किया था। मुख्यमंत्री यहां योजना भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुगुणा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ-साथ देश के वरिष्ठ राजनेता थे। योगी ने कहा, ‘‘उन्होंने (बहुगुणा) अपना मार्ग संघर्षों से प्रशस्त किया था। अपने लंबे राजनीतिक करियर के दौरान सार्वजनिक जीवन की शुचिता व पारदर्शिता के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अथाह निष्ठा थी।’’
एक बयान के अनुसार योगी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के रूप में उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए बहुगुणा जी ने जो संकल्प और जो कार्ययोजना 1973 से 1975 के बीच तय की थी, वह आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक का कार्य करती है। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्हें अलग-अलग दायित्वों के निर्वहन का अवसर प्राप्त हुआ था।’’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘प्रयागराज उनकी कर्म साधना की स्थली होने के साथ-साथ देश की स्वाधीनता आंदोलन की लौ को प्रखरता से आगे बढ़ाने के लिए उनकी संघर्ष स्थली के रूप में भी जानी जाती है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि
उन्होंने कहा कि 17 मार्च 1989 को बहुगुणा ने अपना देह त्याग दिया लेकिन उनकी स्मृतियां आज भी समाज जीवन से जुड़े अलग-अलग पक्षों को नयी दिशा प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए वह प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश वासियों की तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। श्रद्धांजलि सभा में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, लालजी प्रसाद निर्मल, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 March 2025 at 11:31 IST