UP: कॉकरोच बनकर नगर निगम दफ्तर पहुंचा युवक, यमुना प्रदूषण के खिलाफ ‘नाचकर’ किया अनोखा प्रदर्शन; Video वायरल
Viral Video: वृंदावन के समाजसेवी दीपक शर्मा यमुना प्रदूषण के खिलाफ कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर नगर निगम पहुंचे। अधिकारियों द्वारा ‘कॉकरोच’ कहे जाने का विरोध करते हुए उनका यह अनोखा प्रदर्शन वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
Viral Video: यमुना नदी की सफाई को लेकर लोगों का गुस्सा अब अलग-अलग तरीकों से सामने आ रहा है। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक समाजसेवी युवक ने प्रदूषण के खिलाफ इतना अनोखा तरीका अपनाया कि पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। युवक कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर नगर निगम कार्यालय पहुंचा और वहां नाच-नाचकर अपनी बात रखी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
वृंदावन निवासी दीपक शर्मा नाम के इस युवक ने शुक्रवार को यह प्रदर्शन किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि जब सामाजिक कार्यकर्ता यमुना में गिर रहे गंदे नालों की शिकायत करते हैं तो अधिकारियों द्वारा उन्हें ‘कॉकरोच’ कहा जाता है। इसी का विरोध करते हुए दीपक ने खुद को कॉकरोच बनाकर वहां पहुंचने का फैसला किया।
यमुना बचाओ का अनोखा अंदाज
दीपक शर्मा कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नगर निगम दफ्तर के गेट पर पहुंचे। वहां उन्होंने नाचते-गाते हुए यमुना प्रदूषण पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिस तरह गंदगी में कॉकरोच पनपते हैं, ठीक उसी तरह यमुना नदी लगातार गंदी होती जा रही है। अगर समय रहते नालों को रोका नहीं गया तो शहर और नदी दोनों की हालत और खराब हो जाएगी।
उनके इस अजीबोगरीब प्रदर्शन को देखने के लिए तुरंत लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पूरा इलाका चर्चा में छा गया। दीपक का प्रदर्शन देखकर लोग हैरान भी थे और उनकी हिम्मत की तारीफ भी कर रहे थे।
क्यों उठाया यह कदम?
दीपक शर्मा लंबे समय से यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर आवाज उठाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी के बावजूद वृंदावन में खुले नाले बिना रुके यमुना में गंदा पानी बहा रहे हैं। जब वे इस समस्या को उठाते हैं तो अधिकारियों की तरफ से अपमान सहना पड़ता है। इसी बात से तंग आकर उन्होंने यह अनोखा रास्ता चुना।
सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना ‘कॉकरोच’
बता दें, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जैसे नामों से पहले से ही सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही थी। दीपक शर्मा के इस वीडियो ने उस चर्चा को और तेज कर दिया है। लोग कमेंट करके कह रहे हैं कि प्रदूषण रोकने के लिए ऐसे अनोखे तरीके भी जरूरी हैं। कई यूजर्स ने प्रशासन से मांग की है कि यमुना को साफ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 22 May 2026 at 22:41 IST