‘अगर मैं अगरकर होता तो फोन स्विच ऑफ कर लेता’, शुभमन गिल के टी20 इंटरनेशनल में सेलेक्शन को लेकर ऐसा क्यों बोले आर. अश्विन?
Ashwin on Shubman Gill Performance: भारतीय क्रिकेट टीम में टैलेंट की भरमार पर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शुभमन गिल के शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टी20 टीम चुनना मुश्किल है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ashwin on Shubman Gill Performance: भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं के लिए इन दिनों टी20 टीम बनाना काफी मुश्किल हो गया है। एक तरफ अनुभवी खिलाड़ी हैं तो दूसरी तरफ युवा प्रतिभाएं भी तेजी से उभर रही हैं। इसी बीच पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शुभमन गिल को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर वह अजित अगरकर की जगह पर होते तो सेलेक्शन के समय फोन ही बंद करके मालदीव चले जाते।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने माना कि शुभमन गिल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन मौजूदा समय में भारतीय टीम में प्रतिभाओं की भरमार है। गिल ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 13 मैचों में 616 रन बनाए, जिसमें औसत 47.38 और स्ट्राइक रेट 161.68 रहा। छह अर्धशतक जड़े और गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ तक पहुंचाया। फिर भी टी20 टीम में उनकी जगह पक्की नहीं हो पाई।
टी20 टीम में कड़ी टक्कर
अश्विन ने कहा, “शुभमन अच्छे खिलाड़ी तो हैं ही, लेकिन देखिए ना, एक छोटा-सा लड़का 220 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहा है। वो तो बिल्कुल खास है। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में जबरदस्त पारियां खेली हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लेकिन, अभिषेक शर्मा भी लगातार आक्रामक क्रिकेट खेल रहे हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि भारतीय क्रिकेट में फिलहाल अद्भुत प्रतिभाएं हैं। वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य जैसे युवा ओपनर हाई इंटेंट के साथ खेल रहे हैं। कभी-कभी केएल राहुल का नाम भी भूल जाते हैं क्योंकि हर कोई एक-दूसरे को पीछे धकेल रहा है। अश्विन के मुताबिक यह भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अच्छा समय है जहां कोई किसी से कम नहीं है।
Advertisement
गिल का पोटेंशियल और चुनौती
शुभमन गिल ने आखिरी टी20 मैच 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। कुल 36 टी20 मैचों में उन्होंने 869 रन बनाए हैं। अश्विन ने जोर देकर कहा कि गिल में इतना पोटेंशियल है कि वह और बेहतर कर सकते हैं। दुनिया की किसी भी टी20 टीम में उनका नाम जरूर होगा। लेकिन भारत में टैलेंट पूल इतना मजबूत है कि चयन करना मुश्किल हो जाता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण भी है और सौभाग्यपूर्ण भी।
अश्विन ने विराट कोहली का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि अगर कोहली ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद रिटायर नहीं किया होता तो आज भी टीम में होते। यशस्वी जायसवाल का IPL इस बार पिछले जैसा नहीं रहा, लेकिन टी20 ओपनिंग के लिए उनका नाम अभी भी चर्चा में रहता है।
Advertisement
भारतीय क्रिकेट का सुनहरा दौर
पूर्व स्पिनर ने कहा कि खिलाड़ियों को दु:ख होता है जब उन्हें टीम से बाहर रखा जाता है, लेकिन खुशी की बात यह है कि वे इस दर्द को अपने प्रदर्शन में बदल रहे हैं। हर कोई हाई इंटेंट क्रिकेट खेलते हुए रन भी बना रहा है। यह देखकर अच्छा लगता है।
बता दें, अश्विन की टिप्पणी से एक बार फिर साफ हो गया है कि भारतीय टीम में प्रतिस्पर्धा कितनी बढ़ गई है। चाहे गिल हों, सैमसन हों या युवा खिलाड़ी, हर कोई अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है।