CM योगी आज जाएंगे गोरखपुर, पीड़ित परिजनों से कर सकते हैं मुलाकात; कल अखिलेश की रैली में BJP नेता के बेटे की हुई थी मौत
अखिलेश यादव की रैली में बीजेपी नेता के बेटे की मौत को लेकर परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। इस बीच, आज सीएम योगी गोरखपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे पीड़ित परिजनों से मुलाकात करत सकते हैं।
- भारत
- 3 min read
CM Yogi: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने तूल पकड़ लिया है। रैली के दौरान एक बुलडोजर की चपेट में आने से बीजेपी नेता ओंकार सिंह के 13 साल के बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद बच्चे को गंभीर हालत में एम्स गोरखपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंच रहे हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अपने इस दौरे के दौरान सीएम योगी शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सकते हैं।
बहन को लेने स्कूल जा रहा था आर्यवर्धन
आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में 10वीं कक्षा का छात्र था। परिवार के मुताबिक, अखिलेश यादव का काफिला दोपहर करीब 2 बजे इलाके से जा रहा था, तभी आर्यवर्धन अपनी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था। आरोप है कि सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे बुलडोजर ने उसे टक्कर मार दी।
बुलडोजर ने आर्यवर्धन को मारी टक्कर- पिता
आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह का आरोप है कि अखिलेश यादव का काफिला काफी आगे निकल चुका था। इसके बाद तेज रफ्तार से फूल बरसाते आ रहे बुलडोजर ने उनके बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। पिता ने बताया कि टक्कर लगने के बाद उनका बेटा डिवाइजर से जा टकराया और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई।
परिवार और बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
ओंकार सिंह के अनुसार, उन्हें बेटे के साथ हुए हादसे की जानकारी पुलिस ने फोन पर दी। लेकिन उन्हें चोटों की गंभीरता को लेकर कुछ नहीं बताया गया। मौके पर पहुंचने पर डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि आर्यवर्धन की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने इस घटना को हत्या बताते हुए अखिलेश यादव और रथयात्रा के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
आर्यवर्धन की मौत पर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बीजेपी कार्यकर्ताओं समेत परिवार ने गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री योगी से न्याय दिलाने की भी अपील की।
मुझे घटना की कोई जानकारी नहीं- अखिलेश
वहीं, मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से रैली के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। उनके मुताबिक, बीजेपी के लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। वे किसी को भी झूठे मामलों में फंसा देते हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 19 November 2026 at 12:03 IST