'अखिलेश यादव जी, गोरखपुर में तांडव कर लिया? आपके रोड शो में शामिल बुलडोजर ने आर्यवर्धन की जान ले ली', ओपी राजभर का फूटा गुस्सा
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव की रैली में बच्चे की मौत पर अपना आक्रोश जाहिर किया है। इसके साथ ही उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
- भारत
- 4 min read

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की 'पीडीए रथयात्रा' के दौरान हुए एक हादसे में 13 साल के आर्यवर्धन की मौत को लेकर यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने इस घटना पर आक्रोश जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि गोरखपुर की सड़कों पर सपा कार्यकर्ताओं के हुड़दंग और रोड शो में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से एक मासूम की जान चली गई।
ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सड़कों पर कूद फांद कर रहे सपा के लोडरों के हुड़दंग के कारण एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस पूरे मामले पर राजभर ने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
बुलडोजर सबसे नहीं संभलता- ओपी राजभर
अपने बयान में राजभर ने तंज कसते हुए कहा, 'सोचने वाली यह है कि आप ने न दुख व्यक्त किया और न ही संवेदना जताई। लेकिन वहां स्वतंत्रता सेनानियों की जाति खोजने का समय मिल गया। यही आपकी उद्दंड राजनीति है।' उन्होंने कहा कि 'बुलडोजर' संभालना हर किसी के बस की बात नहीं है और पूरा प्रदेश जानता है कि सपा की राजनीति केवल अव्यवस्था और अराजकता फैलाने तक ही सीमित है।
मंदिर जाने में दाढ़ी-टोपी वालों का डर- राजभर
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि हम समझ सकते हैं कि आप गोरखपुर तो गए, मगर महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के मंदिर नहीं गए! लेकिन कम से कम गीता प्रेस ही चले गए होते। एक भगवद्गीता खरीद लेते तो सद्बुद्धि मिल जाती। मगर आपको माफियापरस्ती से ही फुरसत नहीं है। उसी चौरीचौरा के पास तरकुलही माई का मंदिर था वहीं माथा टेक लिए होते। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आपको यह सब करने में दाढ़ी-टोपी वालों से डर लगता है कि कहीं वो नाराज ना हो जाए।
Advertisement
राजभर ने आगामी चुनाव को लेकर अखिलेश को चेताया
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, 'खैर, गुंडई के प्रदर्शन के चक्कर में ये भूल गए कि आप इंडी वाले भी हैं। कम से कम कांग्रेस वाले अपने बड़के भैया का भी झंडा-बैनर एक जो जगह लहरवा दिए होते। हम आपको मित्र की तरह समझाते हैं, लेकिन आपको और आपके लोडरों को मिर्ची लग जाती है!' उन्होंने चेताते हुए कहा कि बार-बार कहते हैं कि लोफरों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से ज्ञान लीजिए। तभी पार्टी बच पाएगी, वरना सत्ताइस में सत्यानाश तय है।
यह भी पढ़ें: 'जब जुल्म और ज्यादती हद से बढ़ जाए, तो समझो हुक्मरानों का अंत आ गया', आजम खान की रिहाई पर अखिलेश यादव का सरकार पर तंज