'दिल्ली से एक सज्जन आए हैं, अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने जैसे सजाया, उसे देखो और पश्चाताप करो क्योंकि...', केजरीवाल पर CM योगी का पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन्हें घेरते हुए कहा कि अपने कारनामों पर पश्चाताप करें। जो न्याय डबल इंजन की भाजपा सरकार ने अयोध्या के साथ किया है, अगर वही आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली भी ऐसे ही चमकती जैसे अयोध्या धाम चमक रहा है।
- भारत
- 3 min read
CM Yogi on Arvind Kejriwal: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच अरविंद केजरीवाल ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बिना नाम लिए घेरा। उन्होंने कहा कि अगर 'आप' सरकार ने दिल्ली के साथ वैसा ही न्याय किया होता जैसा भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अयोध्या के साथ किया है, तो आज दिल्ली की तस्वीर भी अयोध्या धाम जैसी चमकदार होती।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने आज यानी 26 जून को रामलला के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने हनुमान गढ़ी में भी पूजा-अर्चना की।
अपने कारनामों पर पश्चाताप करें केजरीवाल- CM योगी
इसे लेकर सीएम योगी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, 'आज दिल्ली से भी एक सज्जन वहां (अयोध्या) आए हैं। मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें कई सालों तक मौका दिया लेकिन उन्होंने दिल्ली को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। आज मैं उनसे पूछना चाहूंगा कि अयोध्या तो डबल इंजन की भाजपा सरकार ने जो 9 सालों में सजाया है, जो संवारा है, इस मॉडल को देखें और फिर अपने कारनामों पर पश्चाताप करें।'
‘…तो दिल्ली भी अयोध्या धाम जैसी चमकती’
उन्होंने आगे कहा, 'अगर यही न्याय जो अयोध्या के साथ डबल इंजन की भाजपा सरकार ने किया है, आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली भी ऐसे ही चमकती जैसे अयोध्या धाम चमक रहा है।'
अयोध्या में चढ़ावा चोरी के आरोपों पर बोले केजरीवाल
वहीं अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में चढ़ावा चोरी को लेकर कहा, 'यहां पर जो इतना बड़ा घोटाला हो गया है, भगवान राम के चढ़ावे की चोरी हो गई है, उनके सभी सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। हमने भगवान राम से प्रार्थना की कि जिन लोगों ने भी यह महापाप किया है, उन्हें कठोर से कठोर दंड दें।'
FIR सिर्फ दिखावा और छलावा- केजरीवाल
उन्होंने आगे कहा, 'मामले में जो एफआईआर हुई है वह एक दिखावा और छलावा है। आठ छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इतने दिनों से जो घोटाला चल रहा था, जाहिर तौर पर यह छोटे-छोटे कर्मचारी नहीं कर रहे थे। इस घोटाले के तार बहुत ऊपर तक जुड़े हुए हैं। बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है और छोटे लोगों के सिर पर ठीकरा फोड़ा जा रहा है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 June 2026 at 14:43 IST