मंत्रियों के काफिले में 50% कटौती, वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता... PM मोदी की अपील के बाद CM योगी ने क्या-क्या लिए फैसले?
पीएम मोदी ने ईंधन बचाने और अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने ईंधन की खपत कम करने के लिए कुछ निर्देश भी दिए जिसमें VIP फ्लीट में कम गाड़ियां, सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देना शामिल है।
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से पीएम मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील की। इस दौरान उन्होंने ईंधन की कम खपत करने और अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने की अपील की।
सीएम योगी ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए, जिसमें मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में तत्काल 50 प्रतिशत वाहनों की कटौती भी शामिल रही।
WFH कल्चर को बढ़ाने की अपील
इस दौरान उन्होंने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम के कल्चर को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही बड़े संस्थानों में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइजरी जारी करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने पीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों, कार पूलिंग, साइक्लिंग समेत आदि के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने सरकारी बैठकों, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप, सेमिनारों आदि के वर्चुअली आयोजन पर भी विशेष बल दिया।
नो व्हीकल डे' मनाने का आग्रह
मुख्यमंत्री योगी ने मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने और 'नो व्हीकल डे' मनाने का अनुरोध किया। इसी के साथ स्कूल-कॉलेजों में स्कूल बसों के उपयोग को बढ़ावा देने और जरूरत पड़ने पर रोजवेज बसों को जोड़ने की बात कही। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कैसे कार्यालयों के समय को अलग-अलग बैंचों में बांटकर पीक ऑवर में ईंधन की कम खपत की जा सकती है।
बिजली की बचत के निर्देश
उन्होंने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की अपील की। साथ ही सरकारी भवनों, निजी संस्थानों, घरों में अनावश्यक बिजली के प्रयोग को रोकने के निर्देश दिए। निजी प्रतिष्ठानों/व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में रात 10 बजे के बदा सजावटी लाइटों का कम से कम इस्तेमाल करने को कहा गया।
विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह
सीएम योगी ने अगले 6 महीने तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राएं न करने का आग्रह किया। साथ ही देश में पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने डेस्टिनेशन वेडिंग, हेरिटेड टूरिज्म, ईको टूरिज्म और विजिट माई स्टेट अभियान को बढ़ावा देने की अपील की।
होटल, रेस्तरां, ढाबा के लिए भी निर्देश
CM योगी ने संग्रहालयों, स्मारकों आदि को निशुल्क किए जाने के निर्देश दिए। ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को उपहार के रूप में देने को कहा गया। खाद्य तेल की खपत कम करने, स्वस्थ खानपान अपनाने, पोषण जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इसके साथ-साथ होटल, रेस्तरां, ढाबा और स्ट्रीट फूड यूनियनों के साथ बातचीत करके कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने की बात कही गई।
इस दौरान कृषि विभाग को नेचुरल फॉर्मिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। प्रदेश की गोशालाओं में 14-15 लाख गोवंश हैं, जिनके गोबर के उपयोग को बढ़ाने पर बल दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 May 2026 at 23:47 IST