Noida Workers Protest: नोएडा में कर्मचारियों के बवाल के बाद एक्शन में CM योगी, कहा- किसी के बहकावे में ना आएं, हमारी सरकार श्रमिकों के साथ

Noida Workers Protest: नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि श्रमिकों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार हमेशा श्रमिकों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Follow :  
×

Share


CM Yogi on Noida Workers Protest | Image: Republic

CM Yogi Adityanath on Noida Workers Protest: उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक हफ्ते से चल रहे कर्मचारियों के प्रदर्शन ने सोमवार (13 अप्रैल) को हिंसक रूप ले लिया है। नोएडा में जगह-जगह से आगजनी-पत्थरबाजी और बवाल की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इतना ही नहीं ये आंदोलन अब गाजियाबाद तक फैल गया है, जहां भी कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच, मजदूरों के प्रदर्शन पर अब सीएम योगी की पहली प्रतिक्रिया भी आई है। उन्होंने इसे 'साजिश' का हिस्सा बताया और कर्मचारियों से किसी के बहकावे में न आने की अपील की।

अफवाहों से दूर रहें और शांति बनाए रखें- CM योगी

मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने श्रमिकों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और श्रमिकों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार हमेशा श्रमिकों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हमेशा मजदूरों के साथ खड़ी है। कोरोना काल में कोरोना की परवाह किए बिना हमारी सरकार ने कार्मिकों को सबके लिए गाड़ियां उपलब्ध करवाई थी। उन्हें क्वारिंटाइन सेंटर में रखने की व्यवस्था करवाई। उनके लिए सभी तरह की सुविधा उपलब्ध करवाकर उन्हें घर तक पहुंचाने का काम किया था।

'श्रमिकों और कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद करें'

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तत्वों से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने सभी उद्यमियों से अपील की कि वे श्रमिकों और कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद बनाए रखें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उद्यमियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करेगी और साथ ही हर श्रमिक को भी सुरक्षा देगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि श्रमिकों को उनका उचित वेतन और मानदेय समय पर मिले। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ही एक कारपोरेशन का गठन किया गया है, जिसकी सिफारिशें इसी महीने से लागू होने जा रही हैं।

नोएडा में जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन

बता दें कि नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का शुरू हुए आंदोलन ने सोमवार (13 अप्रैल) को हिंसक रूप ले लिया। नोएडा के अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री मजदूर सड़कों पर उतर आए। इस दौरान जमकर आगजनी और बवाल हो रहा है। कहीं गाड़ियों को फूंक दिया गया, तो कहीं सड़कें जाम कर दी गई। श्रमिकों वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैंय़ उनका कहना है कि महंगाई के दौर में इतनी कम सैलरी पर गुजारा करना मुश्किल हो गया है।

इस प्रदर्शन की शुरुआत नोएडा फेज-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स में हुई थी, जो देखते ही देखते पूरे नोएडा में फैलने लगा। फेज-2 और इकोटेक-3 के बाद नोएडा सेक्टर-62 और नोएडा सेक्टर 15 में भी मजदूर भी सड़क पर उतर गए हैं।

यह भी पढ़ें: नोएडा में कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और बवाल; अब अखिलेश की एंट्री, कहा- जो हुआ उसके लिए सरकार जिम्मेदार, महंगाई...
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 13 April 2026 at 17:25 IST