अपडेटेड 28 January 2025 at 15:57 IST
बॉलीवुड डायरेक्टर कबीर खान संगम में लगाएंगे डुबकी, कहा- मैं भाग्यशाली मानता हूं, ये हिंदू-मुसलमान की चीज नहीं...
कबीर खान ने भेदभाव का भेद मिटाते हुए बताया कि वह यहां कुंभ में रूकेंगे, उन्होंने कहा- 'जब कुंभ आए हैं तो स्नान तो करेंगे ही करेंगे।'
Kabir Khan in Mahakumbh : फेमस बॉलीवुड डायरेक्टर कबीर खान प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कुंभ में स्नान और इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर अपनी भावनाएं भी शेयर की। कबीर खान ने कहा- 'मैं बहुत उत्साहित हूं। 12 साल में ये एक बार ही आता है। ऐसा अवसर जिंदगी में एक बार ही मिलता है। सुना है बहुत ज्यादा भीड़ है। अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि यहां मैं पहुंच सका।'
कबीर खान ने आगे कहा कि वह यहां दो-तीन दिन रुकेंगे और कुंभ में स्नान जरूर करेंगे। कबीर खान ने भेदभाव का भेद मिटाते हुए बताया कि वह यहां कुंभ में रूकेंगे, उन्होंने कहा- 'जब कुंभ आए हैं तो स्नान तो करेंगे ही करेंगे।'
ये हमारा मुल्क है और यहां की सभ्यता…- कबीर खान
कबीर खान ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति का अद्भुत प्रतीक बताया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा- 'ये हिंदू-मुस्लिम की चीजें नहीं हैं। ये हमारे मुल्क और हमारी सभ्यता की चीजें हैं। इसमें हिंदू-मुस्लिम नहीं होता है। अगर आप मानते हैं कि आप हिंदुस्तानी हैं, तो हर चीज आपको महसूस करनी चाहिए।' कबीर खान के इस बयान को सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने वाला माना जा रहा है। उन्होंने इस अवसर को भारतीय सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक बताते हुए हर भारतीय को इसे महसूस करने की अपील की।
कई सितारों ने लगाई संगम में डुबकी
हाल ही में कई सितारों को कुंभ में डुबकी लगाते देखा जा रहा है, जिन्होंने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ पहुंचकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। बॉलीवुड के फेमस कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा हाल ही में अपनी पत्नी लिजेल और बच्चों के साथ महाकुंभ पहुंचे, इस दौरान वो काले लिबास में नजर आए। वहीं, एक्ट्रेस और फेमस हरियाणवी डांसर सपना चौधरी भी हाल ही में महाकुंभ में पहुची थी। इसका एक वीडियो सपना ने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया था। इसके अलावा, बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अनुपम खेर भी महाकुंभ में शिरकत करने पहुंचे और गंगा में खूब डुबकियां लगाई।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 28 January 2025 at 15:57 IST