अपडेटेड 21 January 2024 at 20:39 IST

सड़कों पर बधावा, घूमर जैसे लोक नृत्य, भगवान राम के भजन... प्राण प्रतिष्ठा से पहले झूम रही अयोध्या

Ayodhya News: प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या झूम रही है। अयोध्या की सड़कों पर बधावा, घूमर जैसे लोक नृत्यों का आयोजन किया जा रहा है।

Follow :  
×

Share


अयोध्या की सड़कों पर लोक नृत्य | Image: PTI

Ayodhya News: प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या झूम रही है। 'बधवा' से लेकर 'घूमर' तक लोक नृत्य, लाउडस्पीकर पर बजते भगवान राम को समर्पित गीत, फूलों, रोशनी और भगवा झंडों से सजी सड़कें और भगवान राम, सीता और हनुमान के रूप में सजे लोगों से अयोध्या गुलजार हो रही है।

श्री राम जन्मभूमि मंदिर की ओर जाने वाले राम पथ पर कई स्थानों पर छोटे मंच बनाए गए हैं। देश भर से आए लोक नर्तक अलग-अलग नृत्य कर रहे हैं और राहगीर रुककर वीडियो बना रहे हैं और सेल्फी ले रहे हैं।

कौन-कौन से लोक नृत्य?

उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया- 'शहरभर में किए जा रहे लोक नृत्यों में बधावा, चरी, घूमर, धोबिया, राई, रासलीला, मयूर, ख्याल नृत्य और सतारिया शामिल हैं। राम मंदिर की ओर जाने वाली सड़कें एक लघु भारत की तरह दिख रही हैं।'

गाते और नाचते भक्तों के समूह, रामायण के पात्रों के रूप में सजे हुए लोग और भगवान राम के फूलों और पोस्टरों से सजी छोटी वैन रविवार को पवित्र शहर की सड़कों का एक आम दृश्य था, जिसमें मंदिर के मुख्य द्वार पर हजारों लोग जमा थे।

यही रामराज्य हैः कलाकार उमापति

राजस्थान का लोक नृत्य घूमर प्रस्तुत करते हुए प्रज्ञा दीवान ने कहा- 'हम हर साल भगवान राम की अयोध्या वापसी के उपलक्ष्य में दिवाली मनाते हैं और यहां यह अब तक की सबसे बड़ी दिवाली है। इसे कैसे नहीं मनाया जा सकता है? यहां के धार्मिक माहौल को शब्दों में वर्णित नहीं किया जा सकता है या कैमरे में कैद नहीं किया जा सकता है।

रासलीला प्रस्तुत करने वाले समूह में शामिल एक अन्य कलाकार उमापति ने कहा- 'प्रदर्शन करने के लिए इससे बेहतर वैश्विक मंच नहीं हो सकता है और भक्तों से हमें जो प्यार मिल रहा है वह अकल्पनीय है। लोग हमारे लिए चाय और भोजन ला रहे हैं, शायद यही 'राम राज्य' है।'

(इनपुटः PTI)

ये भी पढ़ेंः 22 जनवरी को कब कर पाएंगे रामलला के दर्शन, कब होगी आरती; जानिए प्राण प्रतिष्ठा के समय से लेकर सबकुछ

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 21 January 2024 at 20:39 IST