अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सियासी पारा हाई, ओपी राजभर बोले- ना उनको राम प्यारे हैं, ना कृष्ण, कहते तो हैं कि हम कृष्ण के वंशज हैं लेकिन...
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "वे हमारे संसदीय क्षेत्र में हैं। हम अपने संसदीय क्षेत्र की तरफ से और जनपद की तरफ से समस्त जनपद वासियों की तरफ से उनका अभिनंदन और स्वागत करते हैं।"
- भारत
- 4 min read
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव आज अयोध्या जाएंगे। अखिलेश वहां श्रीमदभागवत कथा यज्ञ में शामिल होंगे। उनके अयोध्या जाने की खबर से उत्तर प्रदेश का सियासी पारा हाई हो गया है। ओपी राजभर जैसे विपक्ष के नेताओं ने उनके अयोध्या आगमन पर जोरदार हमला किया है, तो वहीं अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने उनके अयोध्या दौरे का स्वागत किया है।
अखिलेश यादव अयोध्या में कहां जाएंगे?
धर्मनगरी अयोध्या में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के पहुंचने की खबर के बाद प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। अखिलेश यादव अयोध्या धाम से कुछ दूर स्थित कृष्णापुर खानपुर गांव में आयोजित एक श्रीमदभागवत कथा यज्ञ में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पूर्व मंत्री और अयोध्या विधायक तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के आवास पर आयोजित हो रहा है।
ओपी राजभर ने अखिलेश के अयोध्या दौरे पर क्या कहा?
अखिलेश यादव के इस दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ना उनको राम प्यारे हैं, ना कृष्ण प्यारे हैं। कहते तो हैं कि हम कृष्ण के वंशज हैं। लेकिन ना वो मथुरा जाते हैं दर्शन करने, ना अयोध्या भगवान राम का दर्शन करने जाते हैं। राजभर ने कहा कि उनको डर है कि कहीं मुसलमान हमारा साथ छोड़ के चला ना जाए। तो सब बेकार हो जाएगा, इस भय से वो नहीं जाते। अब उनको हिंदू वोट कैसे चाहिए, बारह बजे तक अली-अली करते हैं, बारह बजे के बाद बजरंगबली करते हैं। तो दुविधा में दोनों गए, माया मिली ना राम।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, "समाजवादी पार्टी को सनातन संस्कृति से कोई लेना देना नहीं है। वो केवल तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और समाजवादी पार्टी के नेताओं के हाथ तो कार सेवकों के खून से रंगे हुए हैं। वो कैसे जा (राम मंदिर) सकते हैं? वो केवल वोट की राजनीति करते हैं और केवल अल्पसंख्यकों के वोट के कारण, डर के कारण वहां नहीं जा रहे हैं।
सपा सांसद ने अवधेश प्रसाद ने क्या कहा?
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "वे हमारे संसदीय क्षेत्र में हैं। हम अपने संसदीय क्षेत्र की तरफ से और जनपद की तरफ से समस्त जनपद वासियों की तरफ से उनका अभिनंदन और स्वागत करते हैं।"
अब सवाल उठता है कि अखिलेश यादव अयोध्या में पधारेंगे तो क्या वह राम लला के दर्शन के लिए राम मंदिर जाएंगे। तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज उनका राम मंदिर जाने का कोई कार्यक्रम तय नहीं है। चूकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 काफी नजदीक है, इसलिए ऐसे में इस मुद्दे पर सियासत जरूर होगा और इसकी गूंज काफी दिनों तक सुनाई देगी।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 8 October 2026 at 15:58 IST