अपडेटेड 15 February 2026 at 15:03 IST

Amroha: अमरोहा में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, कांवड़ियों पर किया पथराव; इमरान, शानू और अदनान गिरफ्तार

अमरोहा में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए फोर्स की तैनाती की गई है। कांवड़ियों पर पथराव के दौरान एक सिपाही समेत 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानें अभी तक कितने लोगों के नाम सामने आए हैं और कौन-कौन गिरफ्तार हुआ है।  

Follow :  
×

Share


Amroha Communal Tension | Image: Representative

Amroha Communal Tension: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में सांप्रदायिक तनाव देखने को मिला। महाशिवरात्रि से एक दिन पहले हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे पर दूसरे समुदाय के कुछ युवकों पर पथराव करने का आरोप लगा है। पथराव के दौरान मौके पर पुलिस पहुंची और मामला शांत करवाने की कोशिश की गई, लेकिन युवकों के हमले में एक पुलिस सिपाही समेत 5 लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 10 बजे, अमरोहा के मोहल्ला छेवड़ा बाईपास इलाके के शिव मंदिर के पास हुई। उस वक्त कांवड़िए डीजे पर नाच-गा रहे थे, तभी मंदिर से 50 मीटर दूर कुछ युवक जन्मदिन का केक काट रहे थे। आरोप है कि इन युवकों ने कांवड़ियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे विवाद शुरू हो गया।

शिव भक्तों पर पथराव का आरोप

विवाद होने के बाद देखते ही देखते युवकों ने अपने साथियों को बुला लिया और मंदिर परिसर में मौजूद शिव भक्तों पर पथराव शुरू कर दिया। हिंसक घटना में कांस्टेबल शोएब रजा खान के सिर पर पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा चंद्रशेखर, विद्या देवी, शिखर और एक कांवड़िया भी चोटिल हो गया। कांवड़ियों का आरोप है कि हमले में उनकी कांवड़ भी क्षतिग्रस्त हुई। वहीं, सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।  

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन विवाद इतनी तेजी से बढ़ा कि मारपीट और पथराव रुकवाना मुश्किल हो गया। SP अमित कुमार आनंद ने कहा कि, अभिषेक सैनी की तहरीर पर इमरान, मुकीम, यूनुस अली, मोहम्मद जाहिद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें से अब तक पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों (इमरान, शानू और अदनान) को गिरफ्तार कर लिया है।बाकी नामजद आरोपी मुकीम, यूनुस अली और मोहम्मद जाहिद अभी भी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

इलाके में एक्ट्रा फोर्स तैनात

फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए एक्ट्रा फोर्स तैनात किया गया है। क्योंकि रविवार (15 फरवरी) को भी क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति देखने को मिल रही है। दूसरी ओर हिंदू संगठनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया हैं, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि माहौल शांत है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित इलाके और कोतवाली पर दूसरे थानों से फोर्स बुलाई गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। महाशिवरात्रि के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह घटना उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भाव (Communal Harmony) की चुनौती को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें: खुशखबरी! बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने की आ गई तारीख

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 15 February 2026 at 15:03 IST