अपडेटेड 12 February 2026 at 11:45 IST
अलीगढ़ वाली सास का नया कांड, पहले दामाद संग प्यार में हुई फरार तो अब जीजा को दे दिया दिल, कैश-गोल्ड लेकर फिर हुई रफूचक्कर
अलीगढ़ वाली सास सपना देवी एक नए कांड के लिए चर्चा में आ गई है। दामाद के साथ फरार होने वाली सपना देवी अब अपने बहनोई के साथ रफूचक्कर हो गई है।
Aligarh Saas Damad Love Story Update: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से 'सास-दमाद प्रेमकांड' एक बार फिर सुर्खियों में है। लगभग 10 महीने पहले अपनी बेटी के पति के साथ भागने वाली महिला सपना देवी अब अपने जीजा के साथ फरार हो गई है। सपना देवी की हरकत ने एक बार फिर हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
दरअसल, पिछले साल (2025) सपना देवी की बेटी की शादी होनी थी। मगर वो अपने ही दामाद राहुल के साथ इश्क लड़ा बैठी। दोनों के रिश्ते की शुरुआत तब हुई जब लड़के की शादी सपना देवी की बेटी के साथ तय हुई। सगाई के बाद बेटी की बजाय सपना देवी की बात दामाद से होने लगी। दोनों घंटों तक एक दूसरे से बातें किया करते थे। लगातार हो रही बातचीत के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ गई। हालात ऐसे हो गए कि सपना देवी बेटी की शादी से महज 12 दिन पहले ही दामाद के साथ फरार हो गई। ये दोनों घर में रखा सारा कैश और जेवरात चुराकर ले गए थे।
पहले दामाद संग रहने पर अड़ी सास
उस वक्त जब पूरा मामला थाने पहुंचा, तो सपना देवी ने दामाद के साथ अपना जीवन बिताने की इच्छा जताई। काउंसलिंग के बाद भी दोनों साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद सास अपने दामाद के साथ अलीगढ़ छोड़ बिहार के सीतामढ़ी में रहने लगी। लेकिन अब मामले में नया मोड़ आया है, सपना देवी अपने बहनोई के साथ भाग गई है। राहुल ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी कि सास अब अपने बहनोई के साथ फरार हो चुकी है। साथ ही उसके कमाए दो लाख रुपये और जेवर भी ले गई।
अब जीजा के साथ हो गई फरार
राहुल की मानें तो, वह 6 फरवरी को हर दिन की तरह काम पर गया था। मगर जब वो घर लौटा तो सपना देवी गायब मिली। राहुल का दावा है कि उसकी गैरमौजूदगी में बहनोई घर पर आकर उसे बहला-फुसलाकर ले गया। इसके अलावा वो अपने साथ 2 लाख रुपये और गहने भी ले गई।
न्याय की गुहार लिए थाने पहुंचा राहुल
राहुल ने पहले सीतामढ़ी जिले में पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद उसने अलीगढ़ के दादों थाने में शिकायत दी। दोनों ही थानों में मामला औपचारिक रूप से दर्ज नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि मामला दो राज्यों का होने के चलते फंसा है। दादों पुलिस ने मामला बिहार का बताकर पल्ला झाड़ लिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 February 2026 at 11:44 IST