'जेल में कब से बंद तब तो नहीं गए, अब जा रहे क्योंकि...', आजम खान से अखिलेश के मिलने जाने पर राजभर का तंंज, मुसलमानों को लेकर कही बड़ी बात
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा है कि आजम खान से मुलाकात सिर्फ चुनावी जुमलों के लिए हो रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आजम खान इतने समय से जेल में बंद है, क्यों मिलने नहीं गए।
- भारत
- 3 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav to Meet Azam Khan: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रामपुर जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करेंगे। इस पर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुलाकात पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश की इस मुलाकात का एकमात्र उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनजर एक नया चुनावी जुमला तैयार करना है।
ओपी राजभर के अनुसार, सपा प्रमुख आजम खान की आड़ में केवल मुस्लिम वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान को भिजवाने के पीछे खुद अखिलेश यादव का ही हाथ था। उनकी सरकार के दौरान ही ये सारे मुकदमे दर्ज हुए थे।
मुसलमान दरी नहीं बिछाएगा- राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'उनके वहां जाने का उद्देश्य केवल चुनावी जुमला पैदा करना है। आजम खान के सहारे उनकी केवल मुस्लिम वोट हासिल करने की तैयारी है। लेकिन अखिलेश यादव यह भूल गए हैं कि अब उनकी दरी मुसलमान नहीं बिछाएगा। अब मुस्लिम समाज के लोग चाहते हैं कि अखिलेश यादव मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करें। तब उन्हें वोट मिलेंगे।'
'अखिलेश ने आजम खान को जेल भिजवाया'
उन्होंने आगे कहा, ‘मुसलमानों ने बहुत समय तक दरी बिछा ली, लेकिन अब नहीं बिछाएंगे। वे आजम खान से कितना ही मुलाकात कर लें, उन्हें जेल अखिलेश यादव ने भिजवाया। उनकी सरकार में जितने भी मुकदमे लिखे गए, जांच हो रही है। जो गलत किया उस मामले में आजम खान जेल में हैं।’
चुनावी जुमले के लिए हो रही मुलाकात- राजभर
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'आजम खान इतने दिन जेल में थे, वे कभी मिलने नहीं गए। वे चुनावी जुमले के लिए आजम खान से मिलने जा रहे हैं, ताकि कह सकें कि हमने उनसे मुलाकात की है। वे सिर्फ मुसलमानों को गुमराह करने जा रहे हैं।'
रामपुर जेल में आजम खान से मिलेंगे अखिलेश
बता दें कि तय शेड्यूल के मुताबिक, अखिलेश यादव दोपहर 12.20 बजे प्राइवेट हेलीकॉप्टर से जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह आजम खान से रामपुर जिला जेल में मिलेंगे। जेल में मुलाकात के बाद सपा प्रमुख आजम खान के आवास पर उनके परिवार के सदस्यों से मिलने पहुंचेंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 October 2026 at 11:31 IST