'मौलवी बनाना चाहते हैं', CM योगी के उर्दू की वकालत वाले बयान पर भड़के अखिलेश, कहा- कल कर रहे थे खिलाफत आज वाहवाही...
सीएम योगी आदित्यनाथ की शायरी सुनने के बाद विधानसभा में सामने बैठे विरोधी दल के सदस्य भी वाहवाही करने लगे थे।
SP Chief Akhilesh Yadav Flared up on CM Yogi: बुधवार (19 फरवरी) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपने ही में जवाब अंदाज दिया। विधानसभा में सीएम योगी ने महाकुंभ के विषय पर चर्चा के दौरान विपक्ष के सवालों का ऐसा जवाब दिया कि विरोधी भी खुद वाहवाही करने लगे। दरअसल सीएम योगी ने शायराना अंदाज में कहा, 'बड़ा हसीन है उनकी जबान का जादू, लगा के आग बहारों की बात करते हैं। जिन्होंने रात में चुन-चुनकर बस्तियों को लूटा, वही नसीबों के मारों की बात करते हैं।' सीएम योगी आदित्यनाथ की शायरी सुनने के बाद विधानसभा में सामने बैठे विरोधी दल के सदस्य भी वाहवाही करने लगे थे। इसके बाद अब अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सीएम योगी पर निशाना साधा है।
दरअसल सीएम योगी ने इसके पहले मंगलवार (18 फरवरी) को विधानसभा में उर्दू भाषा और मदरसे की पढ़ाई को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला था। उसके बाद आज जब उन्होंने विधानसभा में उर्दू के शेर पढ़े तो समाजवादी पार्टी के नेता भी वाह-वाह करने लगे। इस बीच अखिलेश यादव ने सीएम योगी के उर्दू के शेर पढ़े जाने पर मिली वाहवाही को लेकर तंज कसा है। सपा सुप्रीमों ने अपने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर सीएम योगी पर तंज कसते हुए शायराना अंदाज में लिखा, 'कल कर रहे थे जो ख़िलाफ़त आगे बढ़कर, आज वाह-वाही लूट रहे उर्दू के शेर पढ़कर।'
सीएम योगी ने सड़क दुर्घटना में हुई मौतों पर जताया दुःख
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ से लौटकर जाने वाले श्रद्धालुओं की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर दुख जताया। समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जो घटना के शिकार हुए हैं, हम उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति भी हमारी संवेदना है और सरकार उनके साथ खड़ी है, लेकिन इस पर राजनीति करना कितना उचित है यही प्रश्न है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाए कि कई घटनाओं को महाकुंभ से जोड़कर दुष्रचार किया जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शायरी से समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष किया।
सपा किसी अच्छे काम का समर्थन नहीं कर सकती हैः सीएम योगी
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मेरी इच्छा थी कि महाकुंभ के आयोजन के दौरान एक दिन हम सत्र का आयोजन प्रयागराज में ही क्यों ना करें, लेकिन मुझे मालूम था कि सपा इसका विरोध करेगी। सपा किसी अच्छे काम का कभी समर्थन नहीं कर सकती।' सीएम योगी ने ये भी बताया कि महाकुंभ के आयोजन से पहले उसकी तैयारियों को लेकर विशेष सत्र में चर्चा की बात आई थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उस दौरान हंगामा किया। मुख्यमंत्री ने सदन में बारी-बारी से उन नेताओं का भी नाम लिया, जिन्होंने महाकुंभ को लेकर आपत्तिजनक और दुष्प्रचार वाले बयान दिए।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 19 February 2025 at 16:36 IST