अपडेटेड 22 March 2026 at 23:07 IST
'पैसे देकर फिल्में बना रहे, दूसरों दलों को बदनाम करने के लिए...' 'धुरंधर 2' को लेकर भड़के अखिलेश यादव
Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने 'धुरंधर 2' पर आखिरकार अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। उन्होंने फिल्म के जरिये दूसरे दलों को बदनाम किए जाने की बात कही।
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 'धुरंधर 2' पर मचे बवाल के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फिल्म के जरिये दूसरे दलों को बदनाम किए जाने का आरोप लगाया।
दरअसल, 'धुरंधर: द रिवेंज' में हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इसमें अतीफ अहमद नामक किरदार को दिखाया गया है जो कि असल में माफिया अतीक अहमद से मिलता है। इस किरदार के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंधों को दिखाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। अलग-अलग दल के नेता फिल्म को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। इसके बाद से अतीक अहमद को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। वहीं विपक्ष फिल्म को प्रोपेगेंडा बता रहा है।
'प्रोपेगेंडा फिल्में बनाने पर पैसा खर्च कर रहे'
अतीक अहमद समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दर्ज कर चुका था। ऐसे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बयान अहम माना जा रहा है। उन्होंने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'वे ऐसी प्रोपेगेंडा फिल्में बनाने पर पैसा खर्च कर रहे हैं, जो दूसरी पार्टियों को बदनाम करती हैं। मुझे लगता है कि उनके पास बहुत ज्यादा पैसा है, क्योंकि वे इसे फिल्मों की रिलीज पर भी खर्च कर रहे हैं।'
'… अब कहानियां सुनाई जा रही'
उन्होंने आगे कहा, 'जरा सोचिए मथुरा में क्या हुआ था- एक संत की हत्या कर दी गई और अब तरह-तरह की कहानियां सुनाई जा रही हैं। इसके लिए कौन जिम्मेदार था, जमीन का मालिक कौन था? प्रशासन क्या कर रहा था? अधिकारी क्या कर रहे थे?'
'सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन शुरू करेंगे'
अखिलेश यादव ने मूर्ति देवी-मालती देवी महिला समारोह के दौरान लखनऊ में कई महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। समाजवादी पेंशन फिर से शुरू करेगी।
पंकज चौधरी ने अखिलेश पर किया पलटवार
वहीं बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा वाले अभी सत्ता से बाहर हैं, इसलिए चांद-तारे तोड़कर लाने का वादा भी कर सकते हैं। जब इनकी सरकार सत्ता में थी, तब कुछ नहीं किया। महिलाओं को सशक्त करने को लेकर समाजवादी कुछ न ही बोलें तो ठीक रहेगा। लोगों को हंसी आने लग जाती है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 March 2026 at 23:07 IST