'गिरगिट रंग बदलता है, आदत नहीं...' अयोध्या से आकाश आनंद का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- 'संविधान फाड़ने वाले आज संविधान लेकर घूम रहे हैं'
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या के सोहावल में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
- भारत
- 3 min read
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या के सोहावल में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह करना क्या चाहते हैं। आकाश आनंद ने कहा कि कल तक PDA में P का मतलब पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात P का मतलब पंडित हो गया। चुनाव आते-आते P का मतलब फिर बदल जाएगा और D-A घबराए बैठे हैं कि कहीं उनका नंबर न लग जाए।
अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट से आकाश आनंद ने जितेन्द्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार भी घोषित किया। कांग्रेस के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए आकाश ने कहा कि आजादी के बाद कई दशकों तक केंद्र और लगभग हर राज्य में कांग्रेस सत्ता में रही। SC, ST, OBC और मुस्लिम समुदायों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी उन्हें वोट दिया। बदले में उन्हें क्या मिला?
उन्होंने कहा कि आरक्षण सिर्फ किताबों तक सीमित रहा, बैकलॉग खाली पड़े रहे, प्रमोशन रोक दिए गए, अल्पसंख्यकों को डरा-धमकाकर उनके वोट लिए गए, और जब भी आगे बढ़ने या तरक्की करने की बात आई, तो उन्हें किनारे कर दिया गया। वोट पाने के लिए उन्होंने उन्हें गले लगाया, लेकिन सत्ता में आते ही उन्हें पहचानने से भी इनकार कर दिया।
सपा के दलित महासम्मेलन को लेकर भी हमला बोला
आकाश आनंद ने आगरा में हुए सपा के दलित महासम्मेलन को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक दिन के सम्मेलन से पूरी सपा आंबेडकर की अनुयायी बन गई, लेकिन गिरगिट रंग तो बदल सकता है, अपनी आदत नहीं। उन्होंने सपा के थिंक टैंक रामगोपाल यादव का जिक्र करते हुए कहा कि वे जिस भीड़ को सम्मान देने पहुंचे थे, उसी पर बरस पड़े और गुस्से में उन्हें 'मूरख' कह दिया। आकाश आनंद ने रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव से इस टिप्पणी के लिए समाज से माफी मांगने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव में जनता वोट की ताकत से इसका जवाब देगी।
आकाश आनंद ने बीकापुर विधायक पर बोला हमला
आकाश आनंद ने बीकापुर के भाजपा विधायक को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि डॉक्टर साहब विधानसभा में बैठे हैं, लेकिन बीकापुर का मरीज आज भी इलाज के लिए लखनऊ जाने वाली बस में बैठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से दो महीने पहले विधायक गांव-गांव जाकर लोगों को आश्वासन देते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनता को पांच साल तक उनका इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां के विधायक अमित सिंह चौहान जनता का फोन तक नहीं उठाते।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 20 November 2026 at 18:44 IST