UP: स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, स्टाफ समेत 24 घायल, आगरा घूमकर कनौज लौट रहे थे सभी

कन्नौज में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर कट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 4 स्कूली बच्चों की मौत हो गई। स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

 
Follow :
स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत | Image: Republic

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की जान चली गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। हादसा कन्नौज में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर कट के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बच्चों की बस को टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के बच्चे और स्टाफ आगरा शैक्षिक टूर पर गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वापसी के दौरान बच्चों के टॉयलेट के लिए बस को रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

4 बच्चों की मौके पर मौत, कई घायल

हादसे में स्कूल के प्रधानाचार्य और एक छात्र की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार तिर्वा मेडिकल कॉलेज में कराया गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बच्चों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। राहगीरों और बचाव दल ने बच्चों को बस बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां, कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कौशांबी लौट रहे थे सभी

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। एसपी के मुताबिक, हादसे में 24 छात्र और स्टाफ सदस्य घायल हुए हैं। अन्य घायलों को वाहनों के जरिए कौशांबी भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Earthquake: पड़ोसी देश नेपाल में कांपी धरती, भारत-चीन में भी झटके महसूस

 

 

 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 24 November 2026 at 09:51 IST