'बाबू आपने खाना खा लिया...', 'ड्रीम गर्ल' बन दुर्गेश ने की लाखों की ठगी, मीठी बातों में फंसे लोग, तरीका जान पुलिस भी रह गई हैरान
शातिर ठग का तरीका बेहद ही निराला था। वो पहले सोशल मीडिया पर लड़की के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर और लोगों से दोस्ती करता। इसके बाद उनकी न्यूड फोटो और वीडियो कॉल के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने लगता।
Agra News: हैलो, मैं पूजा बोल रही हूं... आयुष्मान खुराना की फिल्म 'ड्रीम गर्ल' तो आपने देखी होगी। जिसमें आयुष्मान एक कॉल सेंटर में काम कर महिला की आवाज निकालते हुए लड़कों को मीठी-मीठी बातों में फंसाते हैं। अब रियल लाइफ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आगरा पुलिस के हत्थे दुर्गेश नाम का एक शातिर ठग चढ़ा है, जो लड़की की आवाज निकालकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। वो करीब 20 लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके साथ लाखों रुपये ठगी की घटना को अंजाम दे चुका था। आगरा के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर ठग को पकड़ लिया है
दुर्गेश का अंदाज तो ड्रीम गर्ल की पूजा से भी खतरनाक है। वो लड़की की आवाज निकालने के लिए रोबोटिक तकनीक का भी इस्तेमाल करता था।
लड़कियों की आवाज से फंसाता था
दुर्गेश का ठगी का तरीका जान पुलिस भी हैरान हो गई। एडीसीपी आदित्य कुमार ने खुलासा करते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत की थी जिसमें उसने बताया था कि ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ ठगी हुई है। उसके खिलाफ कई राज्यों में शिकायतें दर्ज थीं।
उन्होंने बताया कि ये फोन पर लड़की की आवाज में बात करता था। उन्हें या तो निवेश का झांसा बनाकर फंसाता था। या फिर कुछ मामलों में हनी ट्रैप के जरिए भी लोगों को शिकार बनाता।
शातिर ठग का तरीका बेहद ही निराला था। वो पहले सोशल मीडिया पर लड़की के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर और लोगों से दोस्ती करता। इसके बाद उनकी न्यूड फोटो और वीडियो कॉल के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने लगता। दुर्गेश टेलीग्राम पर ग्रुप बनाकर भी लोगों को कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देता था।
जब पुलिस के सामने दुर्गेश ने निकाली लड़की की आवाज
पुलिस को शुरू में लगा कि दुर्गेश झूठ बोल रहा है। पुलिस ने उससे कहा कि युवती की आवाज में बात करे। उसे फोन मिलाकर दिया गया। उसने सुरीली आवाज निकाली। सामने वाले से कहा कि अपना ध्यान रखो। उसे अकेला मत छोड़ना। दुनिया बहुत खराब है। आरोपित का अंदाज देखकर पुलिस हैरान रह गई। आरोपित के पास से दो मोबाइल बरामद हुए हैं। दर्जनों अवैध खातों की जानकारी मिली है।
पुलिस अपने सामने शातिर ठग से लड़की की आवाज निकलवाती है, जिससे मालूम चले कि वो किस तरह से लोगों को अपने जाल में फंसाता है। इस दौरान दुर्गेश लड़की की आवाज निकालते हुए कहता है, "बाबू आपने खाना खा लिया। बस हम लोग ठीक हैं। आप अपना ध्यान रखिएगा।"
बताया जा रहा है कि आरोपी ठग ने 15 से 20 लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे लगभग 25 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.42 लाख रुपए कैश और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दुर्गेश मध्य प्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 22 May 2025 at 14:56 IST