अपडेटेड 27 April 2025 at 09:09 IST
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमा हैदर को सता रहा सचिन से जुदाई का डर? PM मोदी-CM योगी से लगाई गुहार, बोलीं- मैं इनकी अमानत...
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। इस बीच सीमा हैदर ने उन्हें भारत में रहने देने की गुहार लगाई है।
Seema Haider: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से लोगों में भारी आक्रोश है। भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त फैसले लिए। SAARC वीजा छूट के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को मिल रही सुविधा समाप्त कर दी। इसके बाद से नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई सीमा हैदर को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि क्या सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। इस बीच सीमा हैदर का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो सरकार से उन्हें वापस नहीं भेजने की अपील कर रही हैं।
पाकिस्तान से साल 2023 में सीमा हैदर अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। वह अपने पति गुलाम हैदर को छोड़ उन्होंने नोएडा के रबूपुरा के रहने वाले सचिन मीणा से शादी कर ली थी। साल 2019 में दोनों पबजी गेम खेलने के दौरान एक दूसरे के संपर्क में आए थे। इसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और सीमा बिना वीजा के भारत में घुस गईं। फिलहाल उनका मामला अदालत में विचाराधीन है।
'बेटी पाकिस्तान की थी, बहू भारत की हूं'
सीमा हैदर ने बीते दिन, 27 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वो सचिन के साथ नजर आ रही हैं। एक शख्स के सवाल पर सीमा हाथ जोड़ते हुए कहती हैं, 'मैं पाकिस्तान नहीं जाना चाहती सर। मैं पीएम मोदी और सीएम योगी से गुहार लगाना चाहती हूं कि मैं इनकी शरण में हूं। मैं इनकी अमानत हूं। बेटी पाकिस्तान की थी, बहू भारत की हूं। मुझे यहां रहने दिया जाए।'
18 मार्च को दिया बेटी को जन्म
सीमा हैदर ने बीते महीने यानि 18 मार्च को एक बच्ची को जन्म दिया है। सीमा साल 2023 में कराची में अपना घर छोड़ चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें गौतमबुद्ध नगर जिले के रबूपुरा इलाके में सचिन के साथ पकड़ा था। इस मामले ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
पहलगाम में हुआ आतंकी हमला
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने चुन-चुनकर पर्यटकों को निशाना बनाया। इस आतंकी हमले में 28 बेगुनाहों की जान चली गई। इसके बाद से पूरे देश में उबाल है। ऐसे में केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को वापस अपने मुल्क जाने का फरमान सुना दिया। साथ ही वीजा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दीं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 April 2025 at 09:09 IST