UP: प्रयागराज से बड़ी खबर, अधिवक्ता सतीश चंद्र की सरेआम गोली मारकर हत्या, घटना को लेकर वकीलों में आक्रोश

प्रयागराज में एक अधिवक्ता और बीजेपी सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं बीजेपी विधि प्रकोष्ठ काशी प्रांत के पूर्व संयोजक और हाईकोर्ट के अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा पर हमलावरों ने चापड़ से हमला किया।

 
Follow :
अधिवक्ता सतीश चंद्र की सरेआम गोली मारकर हत्या | Image: Republic

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जबकि दूसरा अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा गंभीर रूप से घायल हुआ है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।  

यह सनसनीखेज वारदात प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी स्थित काटजू बाग कॉलोनी में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता और बीजेपी नेता सतीश चंद्र श्रीवास्तव को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। 

देवेंद्र नाथ मिश्रा पर चापड़ से हमला

बताया जा रहा है कि इसी वारदात में बीजेपी विधि प्रकोष्ठ काशी प्रांत के पूर्व संयोजक और अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा पर भी हमला किया गया है। उन पर चापड़ (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले की खबर फैलते ही स्थानीय वकीलों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। 

CM योगी के दौरे से ठीक पहले हुई घटना

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ देर में प्रयागराज पहुंचने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र और सतीश चंद्र श्रीवास्तव के घर काटजू बाग कॉलोनी में आमने-सामने हैं। दोनों के बीच कथिततौर पर लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। अब तक की सामने आई पुलिस जांच में पता चला है कि पहले देवेंद्र मिश्रा पर चापड़ से हमला हुआ, जिसके बाद लाइसेंसी पिस्टल से सतीश चंद्र श्रीवास्तव के पेट में गोली मार दी गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल इलाके में सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और इस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। घटना क्यों और कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: 'अमेरिकी नागरिक इमरान खान जो पाकिस्तानी फंडिंग...', एक्टर को देश छोड़ने का नोटिस मिलने पर बोले BJP नेता किरीट सोमैया

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 14:35 IST