'अमेरिकी नागरिक इमरान खान जो पाकिस्तानी फंडिंग...', एक्टर को देश छोड़ने का नोटिस मिलने पर बोले BJP नेता किरीट सोमैया
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इमरान खान को देश छोड़ने का नोटिस मिलने पर कहा कि उनके खिलाफ मैंने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।
- भारत
- 3 min read

Kirit Somaiya reacted on Imran Khan LIN: बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस के एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोमैया ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जो भी विदेशी नागरिक भारत में गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल होगा उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किरीट सौमेया ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वीडियो जारी कर कहा, 'अमेरिकी नागरिक इमरान खान जो पाकिस्तानी फंडिंग और विदेशी समर्थन पा रहे हैं, उनके खिलाफ मैंने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।'
'इमरान हों, इकबाल, यूसुफ या अब्दुल हों…'
उन्होंने आगे कहा, 'इमरान खान जैसे कोई भी व्यक्ति फिर चाहे वह इमरान हों, इकबाल हों, यूसुफ हों या अब्दुल हों- जो भी विदेशी नागरिक है और जिसे विदेशी फंड मिल रहा है, उन सभी के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।' उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों को हिंदुस्तान में अराजकता फैलाने नहीं दिया जाएगा।
इमरान खान को मिला भारत छोड़ने का नोटिस?
मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर आमिर खान के भांजे इमरान खान पर कार्रवाई की गई है। मुंबई पुलिस की ओर से उन्हें 28 अक्तूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
Advertisement
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस का कहना है कि आमिर खान के भतीजे और एक्टर इमरान खान को 'लीव इंडिया नोटिस' (LIN) जारी किया गया है। इस नोटिस के अनुसार, उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है। इमरान खान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए उस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इमरान खान ने भारतीय नागरिक न होने के बावजूद इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था। ऐसे में अब उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इमरान ने पुलिस वैन से तस्वीर की थी शेयर
इमरान खान ने हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस वैन से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, 'लगता है घूमने जा रहा हूं।' हिरासत में लिए जाने से पहले एक्टर ने मीडिया से बातचीत में कहा था, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मैं किसी संगठन का हिस्सा नहीं हूं।' इसके अलावा उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा था, 'मैंने क्या किया है? मुझे इस तरह क्यों घसीटा जा रहा है?'