Mirzapur: मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की दिनदहाड़े हत्या, देसी कट्टे से सटाकर मारी गोली, भागते हुए बदमाशों को बाइक ने दिया धोखा
Mirzapur Murder: ये घटना शनिवार की बताई जा रही है जब मॉर्निंग वॉक पर निकले राजीव सिंह नाम के एक वकील पर बाइक सवार आदमी ने देसी कट्टे से गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।
Mirzapur Murder: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये घटना शनिवार की बताई जा रही है जब सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले राजीव सिंह नाम के एक वकील पर बाइक सवार आदमी ने देसी कट्टे से सटाकर गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये पूरा मामला मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा सदभावना नगर का बताया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, ये पूरी खौफनाक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिर्जापुर में वकील की गोली मारकर हत्या
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कैसे सफेद लिबास में एक आदमी आता है और राजीव सिंह के सीने पर सटाकर गोली मारता है। फिर वो अपनी बाइक की तरफ भाग जाता है। हालांकि, उसके साथी को बाइक स्टार्ट करने में दिक्कत आ रही थी, फिर हत्यारा खुद आगे बैठकर बाइक चलाने की कोशिश करता है। उसे भी बाइक स्टार्ट करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी।
मौके पर ही वकील की मौत
इतने में गोली की आवाज सुनकर कुछ लोग आने लगते हैं लेकिन बदमाश बंदूक दिखाकर उन्हें डरा देते हैं। जैसे-तैसे बाइक शुरू होती है और बदमाश मौके से फरार हो जाते हैं। सामने आई जानकारी की माने तो, गोली लगने के बाद राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हत्या से शहर में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह सहित पुलिसबल मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान जानने की कोशिश की जा रही है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 11 April 2026 at 10:13 IST