Uttar Pradesh: ससुराल में डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
बरेली जिले के भोजीपुरा थाना इलाके में अपनी ससुराल में एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।
- भारत
- 2 min read
बरेली जिले के भोजीपुरा थाना इलाके में अपनी ससुराल में एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिजनों ने डॉक्टर की पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार कासगंज के सहावर कस्बे के निवासी डॉ. आशीष कुमार (30) के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी सरस्वती, साले टीटू और ससुर प्रेमचंद ने मिलकर उनकी हत्या कर दी।
डॉक्टर के चचेरे भाई नरेंद्र कुमार ने बताया कि 21 मार्च को आशीष कुमार की पत्नी सरस्वती ने फोन करके बताया कि उनके बेटे की तबीयत बहुत खराब है और उन्हें तुरंत बरेली आना होगा। आशीष बिना देर किए बरेली पहुंचे। इसके बाद अचानक परिवार को उनकी मौत की सूचना दी गयी।
डॉक्टर आशीष के परिजनों ने बताया कि सोमवार को आशीष के ससुराल पक्ष से उनके परिवार को फोन आया कि वह अस्पताल के बेड से गिरकर बेहोश हो गए। जब परिजन निजी मेडिकल कॉलेज में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आशीष के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। डॉक्टर के परिजनों का आरोप है कि उनकी पत्नी सरस्वती, साला टीटू और ससुर प्रेमचंद ने पहले आशीष के साथ मारपीट की और फिर उनकी हत्या कर दी।
आशीष की शादी छह साल पहले सरस्वती से हुई थी। थाना भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) प्रवीन सोलंकी ने बताया कि डॉक्टर के परिजनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी।
इसे भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर शतक के लिए तड़पते रह गए, शशांक सिंह ने एक गेंद खेलने नहीं दिया, आखिरी ओवर में गजब ड्रामा
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 25 March 2025 at 23:43 IST