BREAKING: यूपी CM योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, 91 साल की उम्र में अपने पैतृक आवास पर ली आखिरी सांस
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने आखिरी सांस ली। 91 वर्ष की आयु में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने आखिरी सांस ली। 91 वर्ष की आयु में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और सीएम योगी के भाई महेंद्र ने मां के निधन की पुष्टि की है। पिछले कुछ दिनों से सावित्री देवी बीमार चल रही थीं। पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर उन्होंने आखिरी सांस लीं।
CM योगी आदित्यनाथ की मां का निधन
जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी अपने गृह जनपद गोरखपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मां के निधन की जानकारी मिली। मई 2022 में करीब 5 साल बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने मां से मुलाकात कर पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
CM धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने अपने X पोस्ट में लिखा है- उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!
यूपी BJP प्रमुख पंकज चौधरी ने क्या कहा?
योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर, प्रदेश भाजपा प्रमुख पंकज चौधरी ने कहा, "यह बहुत ही दुखद खबर मिली है... हमने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अब हम वहां जाने की कोशिश कर रहे हैं।"
सीएम योगी ने ऋषिकेश AIIMS में मां से की थी मुलाकात
बता दें कि जून 2024 में भी सीएम योगी अपनी मां से मुलाकात करने उत्तराखंड पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी का इलाज ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में चल रहा था। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती थीं। सीएम योगी ने अस्पताल में मां के साथ कुछ समय भी बिताया था।
फिलहाल, मुख्यमंत्री के उत्तराखंड पहुंचने और मां के अंतिम दर्शन करने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मगर प्रदेश भाजपा प्रमुख पंकज चौधरी के बयान के अनुसार सीएम योगी आज ही अपने पैतृक आवास के लिए रवाना हो सकते हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 20 November 2026 at 12:58 IST