UP: बेटी की मौत के बाद बढ़ी नजदीकियां, फिर प्‍यार में सारी हदें पार...बीमार पति को छोड़ दामाद संग फरार हुई सास, घर में गड़ा सोना भी खोद ले गई

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला अपने ही बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हो गई है।

 
Follow :
UP: बेटी की मौत के बाद बढ़ी नजदीकियां, फिर प्‍यार में सारी हदें पार...बीमार पति को छोड़ दामाद संग फरार हुई सास, घर में गड़ा सोना भी खोद ले गई | Image: X

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला अपने ही बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार हो गई है। आरोप है कि जाते वक्त महिला घर में जमीन के नीचे दबाकर रखे गए पुश्तैनी गहने भी खोदकर अपने साथ ले गई। इस अनोखे और सनसनीखेज मामले को लेकर पीड़ित बीमार पति और उसका बेटा न्याय की गुहार लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) के दरबार में पहुंचे हैं।

घटना से आहत महिला के बेटे ने स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर एसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात की और पूरी आपबीती सुनाई। परिवार का आरोप है कि महिला ने कुछ समय पहले चुपचाप 10 बिस्वा जमीन भी अपने नाती के नाम ट्रांसफर करा दी थी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिसके बाद पुलिस अब मामले की तहकीकात में जुट गई है।

कैसे शुरू हुई नजदीकियां?

बेटे ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके पति (बहनोई) ने ही उसकी बहन की हत्या कर दी थी। परिवार का कहना है कि उस वक्त बहन के छोटे बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पुलिस में केस दर्ज नहीं कराया था। हालांकि, इसी दौरान आरोपी बहनोई का घर पर आना-जाना शुरू हो गया और धीरे-धीरे उसकी नजदीकियां मृतका की मां (सास) के साथ बढ़ने लगीं। जब बीमार पति ने इस रिश्ते का विरोध किया, तो घर में आए दिन कलह और झगड़े होने लगे। तमाम विरोध के बावजूद दोनों के बीच संबंध बने रहे और आखिरकार महिला अपने ही दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई।

जमीन के नीचे दबाकर रखे गए थे गहने

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुश्तैनी ज्वेलरी की चोरी का है। बेटे और उसके बीमार पिता का दावा है कि घर के अंदर जमीन में एक गुप्त गड्ढा खोदकर पुश्तैनी गहने छिपाए गए थे। इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल था, जिनकी कुल कीमत बाजार में लाखों रुपये आंकी गई है। आरोप है कि महिला जाते वक्त जमीन खोदकर यह सारा कीमती सामान भी निकाल ले गई।

इसके अलावा, जमीन के फर्जीवाड़े को लेकर भी बड़ा सवाल उठाया गया है। बेटे का आरोप है कि बीते 14 सितंबर को उसकी मां ने दामाद के उकसाने पर पति की कमाई से खरीदी गई 10 बिस्वा जमीन चुपचाप अपने नाती के नाम बैनामा कर दी। परिवार को इस सौदे की भनक तक नहीं लगने दी गई।

चौकीदारी कर परिवार पालने वाले पति को छोड़ा अकेला

शिकायत में बताया गया है कि महिला का पति गंभीर रूप से बीमार रहता है और वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करके किसी तरह परिवार का गुजारा करता था। पत्नी के इस कदम के बाद से बीमार पति पूरी तरह अकेला पड़ गया है और परिवार सदमे में है। पहले अजगैन थाने में पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने सीधे एसपी जय प्रकाश सिंह से गुहार लगाई। पुलिस अब इस सनसनीखेज मामले के हर एक पहलू हत्या के पुराने एंगल, जमीन ट्रांसफर और गहनों की चोरी की गहराई से जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें- बेंगलुरु में नरसंहार, कैब ड्राइवर ने पत्‍नी, सास और साला-साली समेत 7 का किया मर्डर; पारिवारिक झगड़े के चलते बन गया हैवान

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 6 November 2026 at 12:38 IST