बेंगलुरु में नरसंहार, कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास और साला-साली समेत 7 का किया मर्डर; पारिवारिक झगड़े के चलते बन गया हैवान
बेंगलुरु में हुए एक हत्याकांड से पूरा शहर हिल गया। एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के 6 सदस्यों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी में विवाद होता रहता था।
- भारत
- 3 min read

बेंगलुरु में हुए एक हत्याकांड से पूरा शहर हिल गया। एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के 6 सदस्यों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी में विवाद होता रहता था, जहां पत्नी के परिवार के लोग उसका साथ देते थे, इस बात से कैब ड्राइवर नाराज था, जिसके बाद उसने हत्याकांड को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। पहले उसने पत्नी को मारा और फिर एक-एक करके ससुराल पक्ष के लोगों को घर बुलाया और उन्हें मार डाला, इस तरह से उसने 2 दिन में पूरा परिवार खत्म कर दिया, आरोपी का नाम इंदुशेखर बताया जा रहा है, जिसने 7 साल के मासूम बच्चे को भी नहीं छोड़ा और उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने 7 हत्याएं करने का गुनाह कबूल कर लिया है, लेकिन पुलिस अभी तक अन्य 6 शव बरामद नहीं कर पाई है। आरोपी इंदुशेखर बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में बशम सर्किल के पास रहता है, वह कैब ड्राइवर है। पुलिस ने बताया कि उसकी शादी 20 साल पहले सुनीता नाम की महिला से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
सुनीता के घरवाले भी बार-बार उनके झगड़े में दखल देते थे, जिससे इंदुशेखर नाराज रहता था। पुलिस ने बताया कि उसे लगता था कि ससुराल वाले उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल दे रहे हैं और उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़का रहे हैं। उसका गुस्सा इतना ज्यादा बढ़ गया कि उसने पूरे परिवार को ही खत्म करने का प्लान बना लिया। सबसे पहले उसने सुनीता को मारा और शव को नंदी हिल्स ले गया और वहां फेंक दिया।
एक-एक करके सबको मारता चला गया
Advertisement
शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने इन हत्याओं की योजना बनाई थी। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी को मारा। इसके बाद, उसने अपने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। फिर उसने उनकी पत्नियों, अपनी सास और एक सात साल के बच्चे को भी मार डाला। पुलिस को शक है कि आरोपी ने पीड़ितों की हत्या करने के लिए सिलबट्टे (पत्थर) का इस्तेमाल किया। उसने शवों को अपनी कार में रखकर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। इसके बाद, खून के धब्बों को मिटाने और सबूत नष्ट करने के लिए उसने रसायनों (केमिकल्स) का इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि ये हत्याएं घरेलू विवाद के कारण हुईं। आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों के संपर्क में बनी हुई थी। यह मामला तब सामने आया जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए, जिससे पुलिस को इस भयानक हत्याकांड का पता चला।
Advertisement
नंदी हिल्स की तलहटी के पास चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने सात साल के बच्चे पुनीत का शव बरामद किया। बाकी शवों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
कैसे हुए घटना का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा एक मिसिंग कंप्लेंट से हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार के कई सदस्य अचानक से लापता हो गए थे। ऐसे में रिश्तेदार ने परिवार के सदस्यों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक की सुई सीधे इंदुशेखर पर गई। क्योंकि कॉल रिकॉर्ड अन्य सबूत उसी की तरफ जा रहे थे, ऐसे में पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा सच बता दिया। इसके बाद पुलिस ने नंदी हिल्स के पास से 7 साल के पुनीत का शव बरामद किया है। पुलिस इस इलाके में सर्चिंग चला रही है, जबकि उसके घर से भी सबूत जुटाए हैं।