अपडेटेड 2 March 2025 at 14:09 IST
केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से की बेटी के साथ छेड़छाड़, मनचलों ने पहले क्लिक की फोटो फिर किए गंदे कमेंट्स; मचा हड़कंप
जलगांव के मुक्ताईनगर तालुका के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से की बेटी के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की।
महाराष्ट्र के जलगांव से एक चौकाने वाली वारदात सामने आई है। जलगांव के मुक्ताईनगर तालुका के कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से की बेटी के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की। मामला सामने आने के बाद मंत्री के सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर मुक्ताईनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
जिस आरोपी को गिरफ्तार किया गया है उसकी पहचान अनिकेत भोई के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि अनिकेत का पहले से क्रिमिनल रिकॉर्ड है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री की बेटी और उसकी सहेली सुरक्षा गार्ड सहित कोथली गांव में एक यात्रा देखने गए थे। उसी समय सुरक्षा गार्ड को शक हुआ कि कुछ युवक लड़कियों (रक्षा की बेटी और उसकी सहेली) के परिवार का वीडियो बना रहे हैं।
छेड़खानी की खबर सुन खुद थाने पहुंची केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से
इस घटना के बाद केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से खुद थाने गयीं और पुलिस अधिकारियों से बात की। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। खडसे के सुरक्षा गार्ड की शिकायत के आधार पर मुक्ताईनगर पुलिस स्टेशन में चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने तीखे सवाल किए कि अगर उनकी बेटी के साथ इतनी सुरक्षा के बावजूद इस तरह की घटना हो सकती है, तो आम लड़कियों की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मनचलों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस बीच पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मनचलों ने सुरक्षाकर्मियों संग मारपीट की
मंत्री का कहना है कि उस समय इनकी बेटी के साथ जो सुरक्षाकर्मी था, उसका भी कॉलर पकड़कर इन युवकों ने धमकाया था। बताया जा रहा है कि इन युवकों में कुछ आपराधिक किस्म के युवक थे। छेड़छाड़ करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस से भी बात की है।
पुलिस ने क्या कहा
डिप्टी एसपी कुषणात पींगड़े ने बताया कि 28 फरवरी 2025 को कोथली गांव की यात्रा थी। इस दौरान कुछ युवकों ने 3-4 लड़कियों का पीछा किया और कुछ कमेंट्स पास किए। इस मामले में छेड़खानी, पॉक्सो और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में केंद्रीय मंत्री के सुरक्षाकर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। इस घटना में 7 युवक शामिल थे। उन्होंने बताया कि ये यात्रा में घूमने वाले लड़के थे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें बहुत जल्द पकड़ लिया जाएगा।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 2 March 2025 at 14:09 IST