अपडेटेड 3 February 2026 at 17:53 IST
India US Trade Deal: 'ट्रेड डील से किसानों को नुकसान नहीं...', वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका समझौते पर क्या-क्या कहा?
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका डील पर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से किसानों को नुकसान नहीं होगा।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका डील पर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से किसानों को नुकसान नहीं होगा। डेयरी और एग्रीकल्चर संरक्षित है।
आपको बता दें कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील का ऐलान डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की थी। इस दौरान उन्होंने भारत के खिलाफ रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से 18 प्रतिशत करने का भी ऐलान किया था।
क्या बोले पीयूष गोयल?
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आज देश भर में हर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दे रहा है कि उन्होंने अमेरिका के साथ एक बहुत अच्छा व्यापार समझौता किया है, जिसका देशवासी कई महीनों से इंतजार कर रहे थे। राष्ट्रीय हित और जनहित को सबसे आगे रखते हुए, एक ऐसा व्यापार समझौता जो एक मजबूत भारत के भविष्य को बेहतर बनाएगा, उसे कल रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतिम रूप दिया गया है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपने दोस्ताना रिश्तों और करीबी संबंधों का फायदा उठाते हुए अमेरिका के साथ एक ट्रेड डील फाइनल की है, जो हमारे सभी पड़ोसियों, आस-पास के सभी देशों और हमसे मुकाबला करने वाले सभी देशों की तुलना में भारत को मिली सबसे अच्छी डील है। यह हम सभी के लिए एक शानदार डील है।"
'हम इस बारे में संसद में बात करना चाहते थे'
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "आम तौर पर, हम इस बारे में संसद में बात करना चाहते थे, लेकिन हम सबने वह शर्मनाक नजारा देखा। जिस तरह से विपक्ष, खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी और उनके सहयोगी DMK, TMC और समाजवादी पार्टी ने आज संसद में बहुत ही शर्मनाक व्यवहार किया। वे स्पीकर की कुर्सी तक पहुंच गए और उनका अपमान किया। मैं विपक्ष और राहुल गांधी की कड़ी निंदा करता हूं, जिनकी वजह से आज हमें संसद में बोलने के बजाय आपको यह जानकारी देने के लिए यहां आना पड़ा।"
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 3 February 2026 at 17:49 IST