14 May Weather : भारत के अलग-अलग राज्यों में मौसम का अलग मिजाज, कहीं लू का सितम तो कहीं बारिश-आंधी का अनुमान; पढ़ें ताजा अपडेट

IMD ने उत्तर-पश्चिम भारत में लू का अलर्ट जारी किया है और पूर्वोत्तर समेत दक्षिण में भारी बारिश-आंधी का अनुमान हैं। जानें अपने शहर का हाल। पढ़ें पूरी खबर।

Follow :  
×

Share


आज का मौसम 14 मई 2026 | Image: Republic

India Weather Forecast: मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अलग-अलग चेतावनी दी है। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कुछ इलाकों में हीट वेव से लेकर गंभीर लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश-आंधी का दौर चलेगा।

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप

IMD ने पोस्ट कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल दिल्ली-NCR समेत लगभग पूरी उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप यूं ही जारी रहने वाला है। यानी पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अभी दिन गर्म ही रहेंगे। दिल्ली-NCR में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके बाद 15 मई से तापमान और बढ़कर 40-41 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि आसमान साफ रहेगा और लेकिन गर्मी बढ़ती जाएगी।

उत्तर-पश्चिमी राज्यों में लू और आंधी का अलर्ट

राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिमी राज्यों में IMD ने लू की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गंभीर लू चलेगी। हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी के साथ आंधी की भी संभावना है। 15 मई तक यहां लू के साथ-साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट भी है।

नॉर्थ ईस्ट और पूर्वी भारत में भारी बारिश

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में अच्छी बारिश होगी। कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और आंधी चल सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भी बारिश-आंधी के साथ कुछ जगहों पर ओले पड़ने की संभावना है। इससे इन इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्यों का हाल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में लू के साथ कुछ स्थानों पर आंधी-बिजली गिर सकती है। गुजरात-महाराष्ट्र में गर्म और नम मौसम रहेगा। दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में व्यापक बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का अनुमान है। मानसून की तैयारी इन राज्यों में साफ दिख रही है।

गर्मी से बचने के टिप्स

IMD के मुताबिक, दिन के वक्त खूब पानी पिएं, डिहाइड्रेशन से बचें, दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें  
छायादार जगहों पर रहें और बच्चों-बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। 

यह भी पढ़ें: अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में की बढ़ोतरी, जानें नई दरें

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 14 May 2026 at 07:17 IST