'बंगाल में TMC कार्यकर्ताओं ने की BJP महिला मोर्चा नेता की पिटाई', शुभेंदु अधिकारी का आरोप
Bengal News: शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि कूच बिहार में TMC के समर्थकों ने महिला नेता के साथ मारपीट की।
- भारत
- 2 min read
Bengal News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने उनकी पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा की एक महिला नेता के साथ मारपीट की।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने कहा कि उन्होंने घटना के बारे में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) को पत्र लिखकर 25 जून को हुई घटना की जानकारी दी और उनसे इसकी जांच कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा महिला मोर्चा की एक महिला नेता की गोखसदांगा में तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने पिटाई की। सार्वजनिक रूप से उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। इस समय वह एक अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही।’’
अधिकारी ने उम्मीद जताई कि एनएचआरसी, एनसीडब्ल्यू और एनसीएम की टीम जल्द इलाके का दौरा करेंगी।
महिला नेता ने अस्पताल से संवाददाताओं से कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने कहा कि वे मुझे भाजपा के साथ जुड़े होने की सजा दे रहे हैं।’’
तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने आरोपों को निराधार बताकर खारिज कर दिया और दावा किया कि घटना संपत्ति के एक विवाद से संबंधित है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 28 June 2024 at 18:42 IST