'ममता बनर्जी को हाउस अरेस्ट करने की कोशिश...', पूर्व CM के घर के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती पर भड़की TMC, बारुईपुर केस पर गरमाई सियासत

बारुईपुर में नाबालिग संग रेप-मर्डर पर सियासत गरमा गई है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहीं पूर्व सीएम ममता बनर्जी के घर के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती पर TMC ने सरकार को घेरा है। वहीं, भाजपा ने इसे महज ड्रामा करार दिया।

 
Follow :
ममता बनर्जी के आवास पर भारी पुलिस बल तैनाती पर TMC | Image: ANI, X

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 12 साल की बच्ची संग रेप और हत्या मामले में सियासत गरमा गई है। पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने आज (6 जुलाई) पीड़ित परिवार से मुलाकात करने का ऐलान किया था। इस बीच, TMC चीफ का दावा है कि उनके कोलकाता स्थित घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहां केंद्रीय बलों के जवान तैनात किए गए हैं।

केंद्रीय बलों की तैनाती पर TMC भड़क गई और सरकार को घेरते हुए पूछा कि क्या ममता बनर्जी को हाउस अरेस्ट करने की कोशिश की जा रही है?

'BJP की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी'

TMC नेता बैश्वानर चटर्जी ने दावा किया कि ममता बनर्जी निकलने के लिए तैयार थीं, लेकिन वे हमें जाने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस बैरिकेड लगा दिए हैं। यह सिस्टम लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर काम नहीं करता है। BJP के दो महीने के कार्यकाल में रेप की इतनी सारी घटनाएं हुई हैं। हम निश्चित रूप से ऐसी चीजों का विरोध करेंगे। BJP की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

July 5, 2026

यह सुपर इमरजेंसी जैसी स्थिति- डोला सेन

TMC सांसद डोला सेन ने कहा कि बंगाल, कोलकाता में क्या हो रहा है? बारुईपुर में जो हुआ, वह सब जानते हैं। दीदी (ममता बनर्जी) जन-नेता हैं। इतनी भयानक घटना के बाद वह वहां जाना चाहती थीं, लेकिन क्या उन्हें नजरबंद कर दिया गया है? ऐसा करके क्या वे दीदी को रोक पाएंगी? उन्होंने इसे सुपर इमरजेंसी जैसी स्थिति बताया है।

July 5, 2026

TMC के आरोपों पर क्या बोली BJP?

हालांकि, BJP ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि TMC बेवजह विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है। राज्य भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि टीएमसी ड्रामा करने और बिना बात के मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। जब पूर्व सीएम के पसंदीदा पीएसओ को नए लोगों से बदला गया, तब भी विरोध किया गया था। उन्हें जेड-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। ऐसे में अगर पुलिस उनके घर के बाहर गश्त कर रही है, तो इसमें क्या गलत है? क्या प्रशासन ने उन्हें या उनकी पार्टी को बताया है कि वह अपने घर से बाहर नहीं निकल सकतीं?

बारुईपुर में क्या हुआ? 

बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में रविवार (5 जुलाई) सुबह नाबालिग का शव घर के पास तालाब से मिलने से तनाव फैल गया। परिजनों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। इस दौरान भीड़ की पिटाई से एक युवक की भी मौत हो गई। सीएम सुवेंदु अधिकारी ने पीड़िता के पिता से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को पुलिस मुख्यालय बुलाया है। वहीं, मामले की जांच के लिए SIT का भी गठन किया गया।

यह भी पढ़ें: लखनऊ में विपक्षी पार्टियों पर गरजे CM योगी, बोले- भारत की आस्था पर हमला कर रहे ये लोग

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 6 July 2026 at 07:25 IST