TMC के बागियों में ममता बनर्जी की भाभी भी? CM सुवेंदु के कार्यक्रम में दिखीं कजरी बनर्जी; 'दीदी' के परिवार के सदस्य भी कर रहे 'खेला'?
पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी के पहले आधिकारिक केएमसी दौरे के दौरान ममता बनर्जी की भाभी कजरी बनर्जी की मौजूदगी ने सभी का ध्यान खींच लिया।
- भारत
- 3 min read
Tmc Crisis: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायकों और सांसदों की बगावत के बाद अब पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के परिवार के सदस्य भी बगावत पर उतर आए हैं। परिवार में इसकी शुरुआत उनकी भाभी कजरी बनर्जी से हुई है।
सोमवार, 15 जून को कोलकाता नगर निगम (KMC) के एक कार्यक्रम में ममता बनर्जी की भाभी कजरी बनर्जी, टीएमसी के कई पूर्व पार्षद और बागी खेमे के प्रमुख चेहरों में शामिल सांसद माला रॉय शामिल रहीं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद थे। सीएम बनने के बाद उनके पहले आधिकारिक केएमसी दौरे के दौरान कजरी बनर्जी की मौजूदगी ने सभी का ध्यान खींच लिया। मंच पर दिखे इन समीकरणों ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।
सुवेंदु के कार्यक्रम में दिखीं ममता की भाभी
यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है, जब लोकसभा में टीएमसी के 20 बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय करने और केंद्र में एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया। तृणमूल कांग्रेस में गहराते आंतरिक संकट के बीच, कोलकाता दक्षिण से पार्टी सांसद माला रॉय का भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के साथ मंच साझा करना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माला रॉय को टीएमसी के बागी गुट के प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है, ऐसे में सुवेंदु अधिकारी के साथ उनकी यह सार्वजनिक मौजूदगी की तस्वीरों में बंगाल की नई राजनीतिक हकीकत झलकती है।
बोर्ड भंग होने के बाद पहले कार्यक्रम का आयोजन
इस कार्यक्रम में तृणमूल के कद्दावर नेता और कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम भी शामिल हुए। बता दें कि फिरहाद हकीम के इस्तीफे के बाद ही राज्य सरकार ने 9 जून को तृणमूल कांग्रेस के नियंत्रण वाले केएमसी बोर्ड को भंग कर दिया गया था और एक प्रशासक नियुक्त किया। इस फैसले के साथ ही सभी पार्षद, समिति सदस्य और पदाधिकारी अपना पद छोड़ देंगे।
दिलचस्प बात ये है कि मुख्यमंत्री के साथ मंच पर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद और वरिष्ठ नेता मंच साझा करते दिखाई दिए, जबकि बीजेपी के पूर्व पार्षद पूरे साभागर सीटों पर कब्जा जमाए बैठे थे।
कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी पर क्या बोलीं कजरी?
सीएम सुवेंदु के साथ मंच साझा करने को लेकर उठ रहे सवालों पर ममता बनर्जी की भाभी कजरी बनर्जी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटनाक्रम को गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा कि इसमें शामिल होना पूरी तरह से प्रशासनिक और कोलकाता के विकास कार्यों से जुड़ा है। नागरिक सेवाओं और विकास योजनाओं की निरंतरता बनाए रखने के मकसद से हमें आमंत्रित किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि सरकार का विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रित करना एक सकारात्मक और स्वागत योग्य कदम है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 16 June 2026 at 07:16 IST